लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने शनिवार को दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मुल्लांपुर के पास बद्दोवाल इलाके में स्थित ‘रॉयल लीमोज’ (Royal Limos) नामक लग्जरी कारों के शोरूम पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका सहम गया और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बाइक सवारों ने बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने शोरूम के बाहर रुकते ही अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग का निशाना शोरूम में खड़ी महंगी गाड़ियां थीं। गोलियां लगने से वहां खड़ी लग्जरी कारों के फ्रंट शीशे चकनाचूर हो गए और गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा है। बता दें कि जिस रॉयल लीमोज शोरूम पर हमला हुआ है, वहां मर्सिडीज और रेंज रोवर जैसी हाई-प्रोफाइल गाड़ियां बेची जाती हैं। इन कारों की कीमत 80 लाख रुपये से शुरू होकर 4 करोड़ रुपये तक होती है।
गैंगस्टर पवन शौकीन के नाम की मिली पर्ची
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाने से पहले वे शोरूम के बाहर धमकी भरी पर्चियां फेंक गए। इन पर्चियों पर गैंगस्टर पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा का नाम लिखा हुआ है। इस हरकत से यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों का मकसद शोरूम मालिक में खौफ पैदा करना था।
रंगदारी के एंगल से पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही मुल्लांपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने वहां से गोलियों के खोल और धमकी वाली पर्चियां बरामद की हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह मामला रंगदारी (फिरौती) वसूलने का लग रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।





