You are currently viewing पंजाब में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारी से मांगे 10 करोड़ रुपए, कपिल शर्मा को धमकाने वाले ‘हैरी बॉक्सर’ का आया फोन

पंजाब में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारी से मांगे 10 करोड़ रुपए, कपिल शर्मा को धमकाने वाले ‘हैरी बॉक्सर’ का आया फोन

लुधियाना: पंजाब की औद्योगिक राजधानी लुधियाना में व्यापारियों पर रंगदारी का साया गहराता जा रहा है। शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सिविल सिटी इलाके में एक गारमेंट शॉप पर हुई फायरिंग की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब एक और बड़े कारोबारी से करोड़ों की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताया है और 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम की मांग की है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित मनप्रीत सिंह मूल रूप से श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले हैं और लुधियाना में एमबीडी मॉल के पास गारमेंट्स का कारोबार करते हैं। उन्होंने सराभा नगर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में बताया कि 3 जनवरी की दोपहर करीब 2 बजे उनके बेटे कमलप्रीत सिंह के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। फोन करने वाले शख्स ने अपना नाम ‘हैरी बॉक्सर’ बताया और दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है। गौरतलब है कि हैरी बॉक्सर वही शख्स है, जिसका नाम पहले मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा को भी धमकी देने के मामले में सामने आ चुका है।

शिकायत के अनुसार, जब कमलप्रीत ने डरकर कॉल काट दिया और बाद में आए फोन को नजरअंदाज किया, तो आरोपी ने व्हाट्सएप पर वॉइस मैसेज भेजने शुरू कर दिए। इन संदेशों में आरोपी ने धमकी दी कि अगर 10 करोड़ रुपये नहीं दिए गए, तो वह दुकान पर आकर उन्हें गोलियों से भून देगा। परिवार को डराने के लिए आरोपी ने अबोहर में हुई एक पुरानी हत्या का भी जिक्र किया। इस घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित ने पुलिस को धमकी भरे वॉइस मैसेज वाला पेन ड्राइव सबूत के तौर पर सौंप दिया है और सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने हैरी बॉक्सर के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 308(2), 351(2) और 62 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर में यह रंगदारी का अकेला मामला नहीं है। इससे पहले सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात सिविल सिटी इलाके में भी तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक गारमेंट शॉप के बाहर फायरिंग की थी और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। उस मामले में धमकी देने वालों ने खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा बताया था। पुलिस ने उस घटना में फिरोजपुर जेल में बंद गैंगस्टर शुभम ग्रोवर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने लुधियाना के व्यापारिक जगत में खौफ पैदा कर दिया है। 

A businessman was asked for Rs 10 crore in the name of the Lawrence Bishnoi gang; the call came from ‘Harry Boxer’