You are currently viewing पंजाब में दरिंदगी की हदें पार: मुंबई से लौटे युवक के किए 3 टुकड़े, ड्रम में डालकर जलाया; CCTV ने खोला हत्यारे दोस्त का राज

पंजाब में दरिंदगी की हदें पार: मुंबई से लौटे युवक के किए 3 टुकड़े, ड्रम में डालकर जलाया; CCTV ने खोला हत्यारे दोस्त का राज

लुधियाना: महानगर में अपराध का स्तर लगातार क्रूर होता जा रहा है। ताजा मामला थाना सलेम टाबरी के अधीन आते जालंधर बाइपास का है, जहां सेक्रेड हार्ट स्कूल के पास एक खाली प्लॉट से युवक का शव बेहद ही दर्दनाक हालत में बरामद हुआ है। हत्यारों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए युवक के शरीर के तीन टुकड़े कर दिए और सबूत मिटाने के लिए उसे एक सफेद ड्रम में डालकर जलाने का प्रयास किया।

घटना का पता तब चला जब राहगीरों ने खाली प्लॉट में शव को देखा और शोर मचाया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय दविंदर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि दविंदर दो दिन पहले ही मुंबई से लुधियाना अपने घर लौटा था। घर पहुंचने के मात्र 15 मिनट बाद ही वह वहां से निकल गया था और वापस नहीं लौटा। आज सुबह उसकी अधजली लाश टुकड़ों में मिली।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस नृशंस हत्या के पीछे मृतक के दोस्त ‘शेरा’ का हाथ होने की बात सामने आ रही है। शेरा मृतक के घर के पास वाली गली में ही रहता है। पुलिस के हाथ एक अहम सीसीटीवी फुटेज भी लगी है, जिसमें आरोपी शेरा अपने एक अन्य साथी के साथ दविंदर के शव को ड्रम में डालकर ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस फिलहाल दविंदर के परिजनों और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

लुधियाना पुलिस के लिए यह मामला एक बड़ी चुनौती बन गया है क्योंकि शहर में शवों के टुकड़े मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। अभी तीन दिन पहले ही थाना मेहरबान इलाके के एक खाली प्लॉट में एक शख्स की जली हुई लाश दो टुकड़ों में मिली थी, जिसे कुत्ते नोच रहे थे। वह मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि यह नई वारदात हो गई। इसके अलावा, पिछले साल 11 अप्रैल को शेरपुर ब्रिज पर भी एक सूटकेस में युवक का शव टुकड़ों में मिला था, जिसकी टांगें रेलवे ट्रैक पर फेंकी गई थीं। पुराने मामलों में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं, ऐसे में इस नई घटना ने शहरवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

Brutality crosses all limits in Punjab: A young man who returned from Mumbai was cut into three pieces, put in a drum, and burned.