You are currently viewing मशहूर चिकन कॉर्नर्स पर एक्साइज विभाग का छापा, खाने की आड़ में परोसी जा रही थी शराब; 2 पर FIR

मशहूर चिकन कॉर्नर्स पर एक्साइज विभाग का छापा, खाने की आड़ में परोसी जा रही थी शराब; 2 पर FIR

लुधियाना: महानगर में खाने-पीने की दुकानों की आड़ में अवैध रूप से शराब पिलाने वालों पर आबकारी विभाग ने अब कड़ा शिकंजा कस दिया है। विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीमों ने शहर के दो बेहद मशहूर चिकन कॉर्नर्स पर छापेमारी की, जहां नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए खुलेआम ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों दुकानों के मैनेजरों को नामजद करते हुए एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। लुधियाना ईस्ट की आबकारी अधिकारी डॉ. शिवानी गुप्ता ने बताया कि उन्हें लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ चिकन कॉर्नर्स बिना किसी वैध लाइसेंस के अपने परिसर को ‘अहाते’ के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई कमला नेहरू मार्केट स्थित ‘शेर-ए-पंजाब चिकन कॉर्नर’ पर हुई। ईआई नवदीप सिंह और उनकी टीम ने जब वहां अचानक दबिश दी, तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। वहां लोग टेबल लगाकर सरेआम जाम छलका रहे थे। टीम ने मौके से शराब की बोतलें बरामद कीं और दुकान के मैनेजर रमेश चंद को आरोपी बनाया। इस मामले में थाना डिवीजन-1 में एक्साइज एक्ट 1914 की धारा 68 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, दूसरी कार्रवाई समराला चौक के पास गुरु अर्जुन देव नगर स्थित मशहूर ‘बावा चिकन’ पर की गई। यहाँ ईआई बरजेश मल्होत्रा और एक्साइज पुलिस की टीम ने रेड की, जहां मैनेजर की शह पर ग्राहकों को खुलेआम शराब पिलाई जा रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने मैनेजर सचिन शर्मा के खिलाफ थाना डिवीजन-7 में धारा 68 के तहत केस दर्ज कराया है।

आबकारी विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए शहर के अन्य दुकानदारों को भी सख्त संदेश दिया है। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि लुधियाना में ईटिंग जॉइंट्स या ढाबों की आड़ में शराब पिलाने का अवैध कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, चिकन कॉर्नर्स पर बिना अनुमति के शराब पिलाना एक्साइज नियमों का गंभीर उल्लंघन है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में इस तरह की चेकिंग और तेज की जाएगी ताकि शहर में चल रहे ऐसे अवैध अहातों पर पूरी तरह से लगाम कसी जा सके।

Excise department raids popular chicken corners; alcohol being served under the guise of food