लुधियाना: लुधियाना की संजय गांधी कॉलोनी में देर रात नकाबपोश बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। हाथों में तेजधार हथियार लेकर आए इन शरारती तत्वों ने गली में खड़े वाहनों को निशाना बनाया। बदमाशों ने एक जुगाड़ू रेहड़ा पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया और कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बदमाश आगजनी करते और हथियारों से हमला करते साफ दिखाई दे रहे हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात
सामने आई सीसीटीवी फुटेज में दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए नजर आ रहे हैं। फुटेज में दिखता है कि बदमाश पहले एक बोतल से वाहन पर पेट्रोल या ज्वलनशील पदार्थ छिड़कते हैं और फिर उसे आग लगा देते हैं। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आग लगाने के बाद बदमाशों ने जलते हुए वाहन पर अपने हाथ में लिए तेजधार हथियारों से कई वार भी किए। इसके अलावा, उन्होंने एक घर के गेट को भी आग लगाने की कोशिश की।
पानी डालकर बुझाई आग, पुलिस को दी शिकायत
घटना के शिकार कॉलोनी निवासी केसरी ने बताया कि देर रात बदमाशों ने उनके घर के गेट और बाहर खड़े वाहन को पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख उन्हें घटना का पता चला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत बाहर आकर पानी की बाल्टियां डालकर आग पर काबू पाया। केसरी के मुताबिक, बदमाशों ने मोहल्ले में खड़े कई अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया है। पीड़ित ने थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।
पार्षद ने पुलिस की गश्त पर उठाए सवाल
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र के पार्षद चतरवीर सिंह अरोड़ा ने घटना पर कड़ा रोष जताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली और गश्त न होने का ही नतीजा है कि अपराधी बेखौफ होकर लोगों के घरों के बाहर खड़े वाहनों को आग लगा रहे हैं और तोड़फोड़ कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Masked men unleashed terror in Punjab, setting a vehicle on fire after dousing it with petrol and also setting fire to the gate of a house.




