You are currently viewing पंजाब में मातम: 16 जनवरी को सजना था सेहरा, उससे पहले होटल में खुद को गोली मारकर दी जान; कनाडा से शादी के लिए आया था भाई

पंजाब में मातम: 16 जनवरी को सजना था सेहरा, उससे पहले होटल में खुद को गोली मारकर दी जान; कनाडा से शादी के लिए आया था भाई

लुधियाना: लुधियाना के रायकोट में खुशियों वाला घर पलभर में मातम में बदल गया। जिस युवक के सिर पर 16 जनवरी को सेहरा सजना था, उसने शादी से चंद दिन पहले ही अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। गांव जलाल दीवाल के रहने वाले कमल नाम के युवक ने रायकोट के एक होटल में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। यह दुखद घटना तब हुई जब पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था और कनाडा में रहने वाला उसका छोटा भाई भी खास तौर पर शादी में शामिल होने के लिए घर आया हुआ था।

घटनाक्रम के मुताबिक, कमल रविवार रात रायकोट के बरनाला चौक स्थित सिमर होटल में ठहरा हुआ था। उसने रात को अपने दोस्तों के साथ होटल में ही शराब पार्टी की। इसके बाद देर रात वह अपनी कार से दोस्तों को गांव जलाल दीवाल छोड़ने गया और फिर वापस अकेले होटल लौट आया। सोमवार तड़के होटल के कर्मचारियों ने गोली चलने की आवाज सुनी। जब कमरा अंदर से बंद मिला, तो मास्टर की (Master Key) से दरवाजा खोला गया। अंदर का नजारा देख कर्मचारियों के होश उड़ गए; कमल का शव खून से लथपथ पड़ा था और पास ही उसकी पिस्टल गिरी हुई थी।

कमल का परिवार खेतीबाड़ी से जुड़ा है और शादी को लेकर बेहद उत्साहित था। घर में हर छोटी-बड़ी चीज कमल की पसंद से ही खरीदी जा रही थी। हालांकि, पुलिस पूछताछ में दोस्तों ने कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। दोस्तों के मुताबिक, शादी की तारीख तय होने के बाद से ही कमल मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। वह अक्सर भावुक होकर रो पड़ता था। इसके अलावा, वह अपने बढ़ते वजन को लेकर भी गहरे तनाव (डिप्रेशन) में था और अक्सर वजन कम करने के इलाज को लेकर दोस्तों से चर्चा करता रहता था।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रायकोट हरजिंदर सिंह और थाना सिटी प्रभारी गुरसेवक सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत होटल के कमरे को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पुष्टि हो सके कि रात को उसके साथ कौन-कौन मौजूद था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कमल के इस कदम से शादी वाले घर में कोहराम मच गया है।

Tragedy in Punjab: The wedding was scheduled for January 16th, but the groom shot himself dead in a hotel before the ceremony.