You are currently viewing पंजाब में गुंडागर्दी: छेड़छाड़ का विरोध करने पर घर पर ईंट-पत्थर बरसाए, गर्भवती महिला बाल-बाल बची; वीडियो वायरल

पंजाब में गुंडागर्दी: छेड़छाड़ का विरोध करने पर घर पर ईंट-पत्थर बरसाए, गर्भवती महिला बाल-बाल बची; वीडियो वायरल

लुधियाना: महानगर के लोहारा रोड स्थित गणपति कॉलोनी में सोमवार को दिनदहाड़े गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। यहाँ करीब 8 से 10 बाइक सवार बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। हमले के वक्त पीड़ित परिवार ने छत पर छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई और वहीं से हमलावरों का वीडियो भी बनाया। इस हिंसक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग डरे हुए हैं।

मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित साहिल ने बताया कि इस हमले की वजह उनकी बहन के साथ हो रही छेड़छाड़ है। इलाके का ही रहने वाला शिवम नाम का युवक उसकी बहन को लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी को कहीं से लड़की का नंबर मिल गया था, जिसके बाद वह उसे अश्लील और गलत मैसेज भेज रहा था। साहिल के छोटे भाई ने शिवम को कई बार समझाया भी था कि वह ऐसी हरकतें न करे, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और रंजिश पाल बैठा।

सोमवार को शिवम ने अपने साथ कुछ नशेड़ी किस्म के बदमाशों को लेकर पीड़ित के घर पर धावा बोल दिया। करीब 3 से 4 मिनट तक बदमाश घर के बाहर ईंटें बरसाते रहे और गालियां देते रहे। इस पथराव में डब्बू नाम के एक युवक का ईंट लगने से सिर फट गया है। साहिल ने बताया कि उसकी भाभी गर्भवती हैं और जब बदमाश पत्थर बरसा रहे थे तो वह बाल-बाल बचीं, अन्यथा कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। पीड़ित परिवार ने थाना साहनेवाल में पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई है। उनका कहना है कि उनके पास सभी हमलावरों के वीडियो सबूत के तौर पर मौजूद हैं और उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।

Hooliganism in Punjab: Bricks and stones hurled at a house for protesting against harassment