जगराओं: लुधियाना के जगराओं इलाके में लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शातिर गिरोह ने फर्जी फाइनेंस कंपनी का दफ्तर खोलकर कई भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाया और फिर रफूचक्कर हो गए। ठगी के शिकार हुए पीड़ितों ने लुधियाना देहात के एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता से मुलाकात कर उन्हें लिखित शिकायत सौंपी है और न्याय की गुहार लगाई है।
अगवाड़ पोना (जगराओं) के रहने वाले शिकायतकर्ता इमरोज ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उन्हें अपना घर बनाने के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी। इसी दौरान उन्हें कस्बा जोधां में स्थित एक फाइनेंस कंपनी के दफ्तर का पता चला। जब उन्होंने वहां संपर्क किया, तो दफ्तर में मौजूद लोगों ने उन्हें 6 लाख रुपये का लोन बहुत आसानी से पास करवाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने बातों ही बातों में लोन की प्रोसेसिंग फीस और अन्य खर्चों के नाम पर उनसे करीब डेढ़ लाख रुपये की मांग की। झांसे में आकर इमरोज ने 61 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए और बाकी रकम नकद जमा करवा दी।
ठगी का तरीका बेहद शातिराना था। पीड़ित के मुताबिक, दफ्तर में काम करने वाली युवतियां ग्राहकों को अपनी बातों में फंसाकर उनका विश्वास जीतती थीं। इसी विश्वास का फायदा उठाकर आरोपियों ने इमरोज से खाली बैंक चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए, उनका एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। हद तो तब हो गई जब उन्होंने बैंक खाते से पीड़ित का मोबाइल नंबर हटाकर अपना नंबर लिंक करवा दिया। जब भी इमरोज लोन के बारे में पूछते, तो उन्हें 10-15 दिन का इंतजार करने को कहा जाता। इसी बीच एक अज्ञात कॉल से उन्हें शक हुआ और जब वे बैंक पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि उनके खाते का इस्तेमाल कर कुल 5 लाख 71 हजार 808 रुपये इधर-उधर ट्रांसफर करके निकाल लिए गए हैं। जब वे शिकायत करने जोधां स्थित दफ्तर पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला और आरोपी फरार हो चुके थे।
ठगी का यह जाल सिर्फ एक जगह तक सीमित नहीं था। इसी तरह का एक और मामला सामने आया है, जहां सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, अलीगढ़ (जगराओं) के एक गेटकीपर को भी निशाना बनाया गया। कच्चा मलक रोड पर खोले गए एक अन्य फर्जी दफ्तर के संचालकों ने लोन दिलाने के नाम पर उससे 15 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ितों का कहना है कि दफ्तर का मुख्य आरोपी पास के ही किसी गांव का रहने वाला है। फिलहाल, एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंप दी है और पीड़ितों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Major loan scam in Punjab: A gang formed a fake finance company, defrauded people, and fled overnight




