You are currently viewing खालिस्तान विरोधियों को जान से मारने की धमकी: गुरसिमरन मंड और उनके वकील को आया कॉल, आतंकी बोले- सीने में उतारेंगे 6 की 6 गोलियां

खालिस्तान विरोधियों को जान से मारने की धमकी: गुरसिमरन मंड और उनके वकील को आया कॉल, आतंकी बोले- सीने में उतारेंगे 6 की 6 गोलियां

लुधियाना: लुधियाना में खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ मुखर रहने वाले गुरसिमरन सिंह मंड और उनके वकील को एक बार फिर जान से मारने की धमकियां मिली हैं। कट्टरपंथियों के निशाने पर रहने वाले मंड को सरकार ने पहले ही भारी सुरक्षा मुहैया करा रखी है, लेकिन आतंकियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे मंड के साथ-साथ उनके कानूनी सलाहकार एडवोकेट गौरव अरोड़ा को भी निशाना बनाने की बात कर रहे हैं। मंड के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई, जिसमें फोन करने वाले ने न केवल उन्हें बल्कि उनके वकील को भी जान से मारने की खुली धमकी दी है।

धमकी भरे कॉल में कॉलर की पहचान हरनेक सिंह यूके के रूप में सामने आ रही है। कॉल पर आतंकी ने बेहद आक्रामक लहजे में कहा कि ‘क्या हो गया बाबे, कहां गया तू और कहां गया तेरा वकील? एक को तो टपका दिया है, अब तेरा नंबर लगाना है।’ आतंकी ने आगे कहा कि दिल्ली में जो पोस्टर लगाने हैं, सब फाड़ देंगे। हम तेरे और तेरे वकील का इंतजार कर रहे हैं, छह की छह गोलियां सीधे सीने में उतारनी हैं। उसने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए भी अपशब्द कहे। हालांकि, गुरसिमरन मंड ने भी धमकी का करारा जवाब देते हुए कहा कि ‘तू छह गोलियां मारने की बात करता है, मेरे पैर में 11 नंबर की जूती है जो तेरे सिर पर मारनी है।’ इस पर आतंकी ने दोबारा देख लेने की धमकी दी।

एडवोकेट गौरव अरोड़ा ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें या उनके क्लाइंट को धमकी मिली हो। इससे पहले धीरज और हरनेक सिंह यूके नाम के व्यक्तियों ने उन्हें धमकाया था। धीरज ने हिसार में पुलिस थाने पर हैंड ग्रेनेड फेंका था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन उसका साथी हरनेक यूके अभी भी बाहर है और लगातार धमकियां दे रहा है। अरोड़ा ने बताया कि पिछली बार धमकी मिलने पर उन्होंने पुलिस थाने से लेकर डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर तक खुद जाकर शिकायत की थी। उन्हें कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया गया था, लेकिन पुलिस की ढिलाई का नतीजा है कि आज अपराधी फिर से उन्हें धमका रहे हैं।

वकील गौरव अरोड़ा ने स्पष्ट किया कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण उनकी और उनके क्लाइंट गुरसिमरन सिंह मंड की जान को लगातार खतरा बना हुआ है। ताजा धमकी के बाद उन्होंने फिर से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और ट्रेस करने की कोशिश कर रही है कि कॉल किस लोकेशन से आई थी। लगातार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियों के भी कान खड़े हो गए हैं। 

Khalistan opponents receive death threats: Gursimran Mand and his lawyer receive calls.