चंडीगढ़: चंडीगढ़ की सड़कों पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सेक्टर 22 की डिवाइडिंग रोड पर दौड़ रही एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत यह रही कि कार चला रहे युवक ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाई, लेकिन तब तक लाखों की कीमत वाली यह कार पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी।
हादसे का शिकार हुए कार मालिक साहिल, जो मोहाली के फेज-15 के रहने वाले हैं, ने बताया कि यह घटना तब हुई जब वह अपनी 2012 मॉडल की बीएमडब्ल्यू कार की सर्विस कराकर वापस घर लौट रहे थे। वर्कशॉप से निकलने के बाद कुछ दूर तक गाड़ी बिल्कुल ठीक चली, लेकिन सेक्टर 22 के पास पहुंचते ही गाड़ी के इंजन से अजीब आवाजें आने लगीं। साहिल कुछ समझ पाते, इससे पहले ही इंजन से धुआं उठने लगा और चंद सेकंड के भीतर ही आग की लपटें दिखाई देने लगीं। उन्होंने तुरंत गाड़ी रोकी और बाहर कूद गए। देखते ही देखते आग इंजन से होते हुए केबिन तक पहुंच गई और पूरी गाड़ी लपटों में घिर गई।
साहिल के मुताबिक, सर्विस कराने से पहले उनकी गाड़ी में कोई तकनीकी दिक्कत नहीं थी, लेकिन सर्विस सेंटर से बाहर आते ही यह हादसा हो गया। उनके लिए मुसीबत यह भी है कि गाड़ी का इंश्योरेंस कुछ ही दिन पहले एक्सपायर हुआ था। मौके पर पहुंचे सेक्टर 22 चौकी इंचार्ज सुदेश ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण कार की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल कार मालिक ने सर्विस सेंटर के खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

A moving BMW burst into flames in Chandigarh; the accident occurred shortly after it left the service center.




