लुधियाना: लुधियाना में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां लाडोवाल टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार वरना कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में तीन युवक और दो नाबालिग लड़कियां शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरना कार (नंबर PB10DH-4619) साउथ सिटी की ओर से लाडोवाल की तरफ जा रही थी। गाड़ी की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराते हुए सड़क पर पलट गई। पलटने के बाद कार काफी दूर तक सड़क पर घिसटती रही, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। यह हादसा रात करीब सवा दस बजे हुआ। घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था। हादसा इतना भीषण था कि कार सवारों के शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गए। किसी का सिर फट गया तो किसी की गर्दन धड़ से अलग हो गई, वहीं किसी के हाथ-पैर शरीर से कटकर दूर जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना लाडोवाल के एएसआई कश्मीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत एनएचएआई की एंबुलेंस को सूचित किया और शवों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकलवाया। देर रात करीब 1 बजे दो एंबुलेंस के जरिए शवों को लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक जांच में सभी के जगराओं के रहने वाले होने की बात सामने आ रही है। पुलिस मृतकों के परिजनों का पता लगाने और उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

A horrific accident in Punjab: A speeding car crashed into a divider, killing 5 people




