You are currently viewing पंजाब में स्वैग वाली विदाई: लहंगे में दुल्हन खुद थार चलाकर पहुंची ससुराल, बगल में बैठा दूल्हा बोला- ‘राम-राम, बस घर पहुंच जाएं’

पंजाब में स्वैग वाली विदाई: लहंगे में दुल्हन खुद थार चलाकर पहुंची ससुराल, बगल में बैठा दूल्हा बोला- ‘राम-राम, बस घर पहुंच जाएं’

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में शादियों के दौरान अक्सर अलग-अलग तरह के नजारे देखने को मिलते हैं, लेकिन इस बार एक दुल्हन की विदाई ने सोशल मीडिया पर धमाल मचा दिया है। आमतौर पर विदाई के वक्त दुल्हनें भावुक होती हैं और पिछली सीट पर बैठती हैं, लेकिन यहाँ एक दुल्हन ने पुरानी रवायतों को तोड़ते हुए स्टीयरिंग थाम लिया। विदाई की रस्म पूरी होते ही दुल्हन ने खुद महिंद्रा थार चलाई और अपने ससुराल पहुंची। इस दौरान दूल्हा बगल वाली सीट पर चुपचाप बैठा मुस्कुराता नजर आया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे करीब 25 सेकेंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि विदाई का समय आते ही दुल्हन सीधे थार के पास पहुंचती है। वह दूल्हे से बड़े ही रौबदार अंदाज में कहती है, “बैठो, घर नहीं जाना?” इसके बाद दूल्हा बड़े प्यार से दुल्हन के भारी-भरकम लहंगे को संभालते हुए उसे ड्राइविंग सीट पर बैठने में मदद करता है और खुद बगल वाली सीट (को-पैसेंजर) पर बैठ जाता है। दुल्हन मायके वालों को ‘बाय-बाय’ कहते हुए गाड़ी आगे बढ़ा देती है और पूरी बारात उनकी थार के पीछे-पीछे चलने लगती है।

सफर के दौरान दोनों के बीच की हंसी-ठिठोली ने लोगों का दिल जीत लिया है। रास्ते में दूल्हा मजाक करते हुए हाथ जोड़कर कैमरे पर कहता दिखा, “राम-राम, बस घर पहुंचना है।” वहीं, दुल्हन भी कम नहीं थी, उसने गाड़ी चलाते हुए दूल्हे को चेतावनी दे डाली कि “कल से अब आपको बैक काउंटिंग (उल्टी गिनती) शुरू कर देनी चाहिए।” इस पर दूल्हे ने हंसते हुए जवाब दिया कि यह तो “सीधी धमकी” है। ससुराल पहुंचने पर दूल्हे ने फिर से एक जेंटलमैन की तरह दुल्हन का लहंगा संभालते हुए उसे गाड़ी से नीचे उतारा, जिसके बाद दोनों का गृह प्रवेश हुआ।

मिली जानकारी के मुताबिक, इस धाकड़ दुल्हन का नाम भावनी तलवार है, जो पेशे से ग्राफिक डिजाइनर बताई जा रही हैं, वहीं दूल्हे का नाम चिराग वर्मा है। हालांकि, शादी की सही तारीख और स्थान की सटीक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग इस जोड़े की केमिस्ट्री और दुल्हन के कॉन्फिडेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोग इसे बदलते जमाने और बराबरी के रिश्ते की एक खूबसूरत मिसाल बता रहे हैं। 

Swag farewell in Punjab: The bride, dressed in a lehenga, drove herself to her in-laws’ house in a Thar, the groom sitting next to her