You are currently viewing पंजाब में नशेड़ियों ने घर के बाहर फूंकी गाड़ियां, आग की लपटों में घिरे 14 लोगों ने भागकर बचाई जान; CCTV में कैद हुई करतूत

पंजाब में नशेड़ियों ने घर के बाहर फूंकी गाड़ियां, आग की लपटों में घिरे 14 लोगों ने भागकर बचाई जान; CCTV में कैद हुई करतूत

लुधियाना: महानगर के जनकपुरी इलाके में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुछ नशेड़ियों ने एक घर के बाहर खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि पड़ोसियों ने समय रहते फोन कर सो रहे परिवार को जगा दिया, जिससे घर में मौजूद 14 लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

मकान मालिक अमरपाल सिंह ने बताया कि घटना रात करीब ढाई बजे की है। पूरा परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था, तभी नशेड़ियों ने घर के बाहर खड़े वाहनों में आग लगा दी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर के खिड़की-दरवाजों पर लगे पर्दे भी जलने लगे। शोर सुनकर और पड़ोसियों की सूचना पर जब परिवार की आंख खुली तो वहां अफरा-तफरी मच गई। परिवार ने गेट खोलने की कोशिश की और अंदर से पानी की बाल्टियां डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक घर के बाहर खड़ी चार बाइक जलकर खाक हो चुकी थीं। आगजनी के कारण घर का बाहरी हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

धुएं के गुबार के कारण घर में मौजूद 90 साल की बुजुर्ग महिला का दम घुटने लगा और उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई। परिवार की महिला सदस्य गुरप्रीत कौर ने दहशत भरे पलों को याद करते हुए कहा कि आग के कारण पूरे घर में धुआं भर गया था और सांस लेना मुश्किल हो रहा था। उन्होंने कहा कि अगर उनकी नींद खुलने में दो मिनट की भी देरी हो जाती, तो पूरा परिवार जिंदा जल सकता था। पड़ोसियों की सतर्कता ने आज एक बड़ा हादसा टाल दिया।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे पार्षद पति सिमरनजीत सिम्मू ने गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में इस तरह की घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी स्थानीय लोगों ने नशा तस्करों को पकड़वाया था, लेकिन इसके बावजूद हालात बद से बदतर हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इलाके से नशेड़ियों को नहीं खदेड़ा गया, तो वे लोग अपने घरों और दुकानों की चाबियां पुलिस कमिश्नर के दफ्तर जाकर उन्हें सौंप देंगे।

In Punjab, drug addicts set vehicles on fire outside a home; 14 people escaped the flames