You are currently viewing पंजाब में ATM कार्ड बदलकर ठगी, मदद के बहाने उड़ाए रुपए; CCTV में कैद हुई शातिर की करतूत

पंजाब में ATM कार्ड बदलकर ठगी, मदद के बहाने उड़ाए रुपए; CCTV में कैद हुई शातिर की करतूत

लुधियाना: औद्योगिक शहर लुधियाना में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला एक गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है, जो विशेष रूप से बुजुर्गों और सीधे-साधे लोगों को अपना निशाना बना रहा है। ये शातिर ठग मदद करने या मशीन खराब होने का झांसा देकर पलक झपकते ही एटीएम कार्ड बदल लेते हैं और फिर खाते से रकम उड़ा ले जाते हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला शहर के ढंडारी इलाके से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की गाढ़ी कमाई पर शातिर ने हाथ साफ कर दिया। हालांकि, उसकी यह पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर अब पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जब अवधेश पांडे ईश्वर कॉलोनी, ढंडारी स्थित एक एटीएम से पैसे निकालने गए थे। जब वे मशीन का इस्तेमाल कर रहे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा और उनके ठीक पीछे खड़ा हो गया। शातिर ने बड़ी चालाकी से अवधेश को अपना पिन नंबर दर्ज करते हुए देख लिया। इसके बाद उसने अपनी चाल चली और मशीन की स्क्रीन को छेड़ना शुरू कर दिया। जब अवधेश ने उसे पीछे हटने को कहा, तो ठग ने बहाना बनाया कि एटीएम कार्ड गंदा होने की वजह से मशीन काम नहीं कर रही है और ट्रांजेक्शन प्रोसेस नहीं हो पा रहा है।

मदद करने का नाटक करते हुए आरोपी ने अवधेश पांडे का एटीएम कार्ड अपने हाथ में लिया और उसे अपनी जैकेट से साफ करने लगा। इसी दौरान उसने हाथ की सफाई दिखाते हुए असली कार्ड को अपनी जेब में रखे दूसरे डमी कार्ड से बदल दिया। इसके बाद उसने बदला हुआ कार्ड मशीन में डाला और अवधेश को दोबारा पासवर्ड लगाने को कहा। जैसे ही पीड़ित पासवर्ड डालने में व्यस्त हुआ, आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गया। जब अवधेश ने मशीन से कार्ड निकाला तो उनके होश उड़ गए क्योंकि वह कार्ड उनका था ही नहीं।

पीड़ित जब तक माजरा समझकर आरोपी को ढूंढने बाहर आया, तब तक वह अपनी मोटरसाइकिल पर फरार हो चुका था। अवधेश के मुताबिक, कार्ड बदलने के महज पांच मिनट बाद ही उनके मोबाइल पर खाते से 8200 रुपये निकलने का मैसेज आ गया। पीड़ित ने बताया कि यह घटना रात करीब 9:30 बजे की है, इसलिए वह रात में पुलिस कार्रवाई नहीं कर सके। अब वह सीसीटीवी फुटेज के साथ पुलिस को औपचारिक शिकायत दर्ज करवा रहे हैं, जिसमें आरोपी का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है।

ATM card swapping scam in Punjab: Money stolen under the pretext of offering help; the culprit’s actions caught on CCTV