You are currently viewing कनाडा पहुंचते ही बदला पति का रंग: 10 लाख लेकर विदेश उड़ा, फिर पत्नी को किया ब्लॉक; ससुराल वालों पर ठगी और मारपीट का केस दर्ज

कनाडा पहुंचते ही बदला पति का रंग: 10 लाख लेकर विदेश उड़ा, फिर पत्नी को किया ब्लॉक; ससुराल वालों पर ठगी और मारपीट का केस दर्ज

लुधियाना: पंजाब में विदेश जाने की होड़ ने एक और विवाहिता की जिंदगी तबाह कर दी है। मुल्लापुर दाखा में शादी के कुछ महीने बाद ही ‘एनआरआई’ बनने के सपने ने रिश्तों का कत्ल कर दिया। पति ससुराल से 10 लाख रुपये लेकर कनाडा चला गया और वहां पहुंचते ही पत्नी को पहचानने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, जब पत्नी ने हक मांगा तो ससुराल वालों ने उसे जातिसूचक शब्द बोले और मारपीट कर घर से निकाल दिया।

दाखा पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता पूनम रानी ने बताया कि उसकी शादी इसी साल 27 फरवरी 2024 को जसकीरत सिंह से हुई थी। शादी के बाद जसकीरत ने कनाडा जाने की इच्छा जताई और इसके लिए 10 लाख रुपये की मांग की। पूनम के मायके वालों ने बेटी का घर बसाने के लिए यह रकम इस शर्त पर दी कि स्टडी वीजा मिलने के बाद वह पूनम को भी ‘स्पाउस वीजा’ पर अपने साथ ले जाएगा।

जसकीरत का वीजा लग गया, लेकिन जाते वक्त उसने पूनम को साथ ले जाने से मना कर दिया और झूठा दिलासा दिया कि कनाडा पहुंचने के बाद वह उसे बुला लेगा। लेकिन विदेश पहुंचते ही जसकीरत ने पत्नी से सारे संपर्क तोड़ दिए और उसे फोन व वॉट्सऐप पर ब्लॉक कर दिया।

पति की बेरुखी के बाद ससुराल में पूनम पर जुल्म शुरू हो गए। पीड़िता का आरोप है कि उसकी सास रंजीत कौर, ससुर जतिंदरपाल सिंह और पति के चाचा बलजीत सिंह व चाची राजवंत कौर ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसे जातिगत अपशब्द कहकर अपमानित किया गया, मारपीट की गई और अंत में घर से बेघर कर दिया गया।

पूनम के परिवार ने मामले को सुलझाने के लिए कई बार पंचायतें बुलाईं, लेकिन ससुराल पक्ष ने न तो पैसे लौटाए और न ही अपनी गलती मानी। आखिरकार परेशान होकर पूनम ने पुलिस की शरण ली।

दाखा पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति जसकीरत सिंह, सास रंजीत कौर और ससुर जतिंदरपाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी (420) और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि चाचा बलजीत सिंह और चाची राजवंत कौर पर लगे आरोपों की जांच की जा रही है, यदि आरोप सही पाए गए तो उन्हें भी केस में नामजद किया जाएगा।

Husband’s attitude changed upon reaching Canada: Flew abroad with Rs 10 lakh, then blocked his wife