You are currently viewing कनाडा में खालिस्तानियों की नापाक हरकत: हिंदू मंदिर के बाहर प्रदर्शन, PM मोदी के खिलाफ उगला जहर

कनाडा में खालिस्तानियों की नापाक हरकत: हिंदू मंदिर के बाहर प्रदर्शन, PM मोदी के खिलाफ उगला जहर

वैंकूवर/सरे: कनाडा में खालिस्तान समर्थकों ने एक बार फिर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देते हुए अलग-अलग शहरों में जमकर हंगामा किया है। सरे और वैंकूवर में खालिस्तानियों ने न केवल भारत के खिलाफ जहर उगला, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए नारेबाजी भी की।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में खालिस्तानी समर्थक एक हिंदू मंदिर के बाहर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में मारे गए आतंकी हरदीप सिंह निज्जर के पोस्टर थे। इतना ही नहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला बनाकर उस पर यह आरोप चस्पा किया कि निज्जर की हत्या में उनका हाथ है। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को ‘हिंदू टेररिस्ट’ (हिंदू आतंकी) करार दिया। मंदिर के ठीक बाहर हुई इस नारेबाजी और हंगामे के कारण वहां दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दूसरी तरफ, वैंकूवर में हुए प्रदर्शन में खालिस्तानियों का पाकिस्तान प्रेम भी खुलकर सामने आया। यहाँ खालिस्तान समर्थकों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के उस बयान पर तीखा विरोध जताया जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के सिंध प्रांत को लेकर टिप्पणी की थी।

प्रदर्शन के दौरान हैरान करने वाली बात यह रही कि खालिस्तानी झंडों के साथ वहां पाकिस्तान का झंडा भी लहराया जा रहा था। भीड़ ने खुलेआम ‘हिंदुस्तान मुर्दाबाद’ और ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए। हाल ही में जारी किए गए 29 नवंबर के इस वीडियो में खालिस्तान समर्थकों ने कहा कि वे पाकिस्तान के साथ खड़े हैं और राजनाथ सिंह सिंध पर कब्जे की बात कर रहे हैं।

धार्मिक स्थलों को राजनीति का अखाड़ा बनाने पर स्थानीय निवासियों ने कड़ी आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है कि अगर खालिस्तान समर्थकों का विरोध भारत सरकार से है, तो वे धार्मिक स्थलों के बाहर प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं? स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह की हरकतें समुदाय के लोगों के मन में भय पैदा करने का प्रयास हैं।

Khalistanis in Canada stage nefarious protest outside Hindu temple, spew venom against PM Modi