You are currently viewing अकाली दल नेता के वकील बेटे की गोली लगने से मौत, कारणों का खुलासा नहीं; जांच में जुटी पुलिस

अकाली दल नेता के वकील बेटे की गोली लगने से मौत, कारणों का खुलासा नहीं; जांच में जुटी पुलिस

मोगा: जिले के कस्बा बुट्टर में देर रात शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व चेयरमैन हरभूपिंदर सिंह लाडी के 35 वर्षीय बेटे एडवोकेट अमनिंदर सिंह की अपनी ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली लगने से मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अचानक चली गोली, कारणों का अब तक खुलासा नहीं

जानकारी के अनुसार, एडवोकेट अमनिंदर सिंह देर रात अपने घर पर थे, तभी अचानक उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चल गई। गोली सीधे उन्हें लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि, यह गोली किस तरह और किन परिस्थितियों में चली, इसका अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। युवा वकील के आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही परिवार, रिश्तेदारों, वकीलों और राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र के लोगों में भारी शोक का माहौल बन गया है। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

एसएचओ बोले- यह एक दुर्घटना है, परिजनों के बयान के आधार पर होगी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही थाना बधनी कलां की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी (एसएचओ) जसविंदर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह एक अचानक हुई दुर्घटना प्रतीत होती है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। एसएचओ का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और मृतक के परिजनों के औपचारिक बयान दर्ज होने के बाद उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Akali Dal leader’s lawyer son dies of gunshot wound; cause not yet revealed