You are currently viewing पंजाब में मानवता शर्मसार: कचरे के ढेर में कुत्तों ने नोचा भ्रूण; खून से लथपथ डायपर में लिपटा मिला शव, इलाके में दहशत

पंजाब में मानवता शर्मसार: कचरे के ढेर में कुत्तों ने नोचा भ्रूण; खून से लथपथ डायपर में लिपटा मिला शव, इलाके में दहशत

लुधियाना: लुधियाना के जगराओं शहर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कुक्कड़ चौक के पास कचरे के ढेर में एक खून से लथपथ भ्रूण मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह खौफनाक मंजर तब सामने आया जब गली के आवारा कुत्ते एक संदिग्ध लिफाफे को घसीटते हुए सड़क पर ले आए। भ्रूण मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना उस समय उजागर हुई जब कुछ कुत्ते कचरे के ढेर से एक लिफाफे को घसीट रहे थे। लिफाफे से खून टपकता देख वहां से गुजर रहे लोगों को शक हुआ। जब उन्होंने कुत्तों को भगाकर लिफाफा खोला, तो उनके होश उड़ गए। अंदर एक भ्रूण था, जिसे बड़ी ही बेदर्दी से फेंक दिया गया था। जानकारी के अनुसार, भ्रूण को डायपर, कपड़ों और रूई में लपेटकर छिपाने की कोशिश की गई थी, लेकिन कुत्तों द्वारा लिफाफा फाड़ दिए जाने से यह पाप दुनिया के सामने आ गया।

सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की जांच कर रहे एएसआई (ASI) बलविंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल भ्रूण को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भ्रूण कितने महीने का है। मेडिकल टीम की जांच के बाद ही यह पुष्टि हो पाएगी कि यह भ्रूण है या नवजात, और उसका लिंग क्या है। पुलिस ने शव को जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस ने दोषियों की पहचान के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस जगराओं और आसपास के निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और स्कैनिंग सेंटरों के रिकॉर्ड खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि हाल ही में कहाँ डिलीवरी या गर्भपात के मामले आए हैं।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि कुक्कड़ चौक एक व्यस्त इलाका है और यहाँ से रायकोट रोड व चौक के चारों रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि अगर चारों तरफ के रास्तों के कैमरों की गहराई से जांच की जाए, तो इस घिनौनी करतूत को अंजाम देने वाले कलयुगी माता-पिता या आरोपियों का चेहरा जल्द बेनकाब हो सकता है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच कर रही है।

Dogs found foetus in Punjab garbage dump