लुधियाना: लुधियाना के सिविल अस्पताल में आज (शनिवार) सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ब्लड बैंक के ठीक पीछे वाली खाली जगह पर अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि अस्पताल स्टाफ और दमकल विभाग की मुस्तैदी के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।
45 मिनट तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन आग की लपटें उठती देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया। सूचना मिलते ही एसएमओ (SMO) डॉ. अखिल सरीन तुरंत मौके पर पहुंचे।
शुरुआत में अस्पताल के स्टाफ ने वहां मौजूद अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने की कोशिश की। आग को बढ़ता देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब पौने घंटे (45 मिनट) की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यह खाली जगह अक्सर नशेड़ियों का अड्डा बनी रहती है। संभव है कि किसी ने बीड़ी या सिगरेट पीकर जलती हुई फेंक दी हो, जिससे सूखी झाड़ियों ने आग पकड़ ली। SMO बोले- लोग दीवार के ऊपर से फेंकते हैं कूड़ा घटना के बारे में जानकारी देते हुए SMO अखिल सरीन ने बताया कि ब्लड बैंक के पीछे बनी बाउंड्री वॉल के पास जमा कूड़े के ढेर में पहले आग लगी, जो बाद में झाड़ियों तक फैल गई।
अपील: डॉ. सरीन ने बताया कि आसपास के लोग समझाने के बावजूद दीवार के ऊपर से अस्पताल परिसर में कूड़ा फेंकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यह अस्पताल उनका अपना है, इसलिए यहां गंदगी न फैलाएं और सफाई बनाए रखने में सहयोग करें।

Fire broke out in the bushes behind the blood bank in the Civil Hospital




