You are currently viewing पंजाब में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बाइक ने ली 4 महीने की गर्भवती महिला की जान; 2 मासूम बच्चियों के सिर से उठा मां का साया

पंजाब में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बाइक ने ली 4 महीने की गर्भवती महिला की जान; 2 मासूम बच्चियों के सिर से उठा मां का साया

लुधियाना: महानगर में रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। यहाँ एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक ने पैदल जा रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। दिल दहला देने वाली बात यह है कि महिला 4 महीने की गर्भवती थी। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

मृतका की पहचान तलवाड़ कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय गीता के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गीता घर के पास स्थित एक दुकान से घरेलू सामान लेने के लिए निकली थी। वह सड़क के किनारे पैदल चल रही थी, तभी एक अनियंत्रित स्पोर्ट्स बाइक ने उसे टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर लगने से गीता सड़क पर पेट के बल गिरी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और वह वहीं बेहोश हो गई। आसपास के लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह हादसा परिवार के लिए दोहरा मातम लेकर आया है। मृतका के जेठ नीतिश कुमार ने बताया कि गीता 4 महीने की गर्भवती थी। इस हादसे ने न सिर्फ अजन्मे बच्चे की जान ले ली, बल्कि गीता की दो छोटी बेटियों को भी अनाथ कर दिया। उनकी एक बेटी 7 साल की और दूसरी 5 साल की है। गीता का पति एक फैक्ट्री में काम कर परिवार का पालन-पोषण करता है। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

थाना जमालपुर के जांच अधिकारी (ASI) गुरमीत सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। एएसआई ने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Tragic accident in Punjab