
लुधियाना: लुधियाना के समराला में हुए कबड्डी प्लेयर गुरविंदर सिंह की हत्या की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस गैंग ने ली है। कत्ल के दूसरे ही दिन गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर यह सनसनीखेज दावा किया है। गैंग ने अपनी पोस्ट में गुरविंदर पर उनके दुश्मनों का साथ देने का आरोप लगाया है।
लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “यह (गुरविंदर) हमारे दुश्मनों का साथ दे रहा था।” गैंग ने इसके अलावा सरेआम धमकी देते हुए लिखा, “जो भी हमारे दुश्मनों का साथ दे रहे हैं, सबकी छाती में गोली मारेंगे। ऐसे लोग खुद ही पीछे हट जाएं वर्ना हमें हटाना अच्छी तरह से आता है।”

गौरतलब है कि कबड्डी प्लेयर गुरविंदर गांव मानकी का रहने वाला था। बीते दिनों बाइक सवार हमलावरों ने गुरविंदर और उसके साथी धर्मपाल पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं थीं। इस जानलेवा हमले में गुरविंदर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धर्मपाल को भी गोली लगी और वह घायल हो गया।
इस मामले में पुलिस ने शुरुआत में हत्या की वजह निजी दुश्मनी बताई थी। पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान भी कर ली थी, जिनमें संदीप सिंह, तेजी (निवासी चक सराय, खन्ना), करण (निवासी मादपुर) और सिम्मी (निवासी बालियों) शामिल हैं। हालांकि, लॉरेंस गैंग का नाम आने के बाद भी अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
वहीं, मृतक गुरविंदर सिंह के परिवार ने अभी तक उसका अंतिम संस्कार नहीं किया है। परिवार ने साफ कर दिया है कि जब तक कातिलों को पकड़ा नहीं जाता, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
View this post on Instagram


Lawrence gang claimed responsibility




