You are currently viewing पंजाब में निगम की जानलेवा लापरवाही: खुले सीवर में गिरा 10 साल का बच्चा, चीखें सुन दौड़े लोग; रोंगटे खड़े कर देगा VIDEO

पंजाब में निगम की जानलेवा लापरवाही: खुले सीवर में गिरा 10 साल का बच्चा, चीखें सुन दौड़े लोग; रोंगटे खड़े कर देगा VIDEO

लुधियाना: लुधियाना के जागीरपुर रोड स्थित गोल्डन एवेन्यू कॉलोनी में शुक्रवार को नगर निगम की एक बड़ी लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक 10 वर्षीय बच्चा सड़क के बीचों-बीच खुले पड़े सीवर में जा गिरा। बच्चा काफी देर तक गंदे पानी में फंसा चीखता-चिल्लाता रहा। गनीमत रही कि पास से गुजर रहे एक अन्य बच्चे ने उसकी आवाजें सुन लीं और शोर मचा दिया, जिसके बाद लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

घटना की जो वीडियो सामने आई है, उसमें साफ दिख रहा है कि 10 वर्षीय बच्चा (जिसने हाफ पैंट और टी-शर्ट पहनी है) रास्ते पर घूम रहा है। पास में ही एक पार्क है, जहां कुछ बच्चे झूला झूल रहे हैं। बच्चा भी उन्हें देखते हुए पार्क की ओर बढ़ता है, लेकिन तभी वह खुले पड़े मेनहोल में सीधा नीचे गिर जाता है।

देखें VIDEO-

सीवर में गिरने के बाद बच्चे ने चीखना शुरू कर दिया। पास से ही साइकिल पर गुजर रहे एक दूसरे बच्चे ने जब सीवर से आती आवाजें सुनीं, तो वह रुक गया और शोर मचा दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद एक युवक ने सीवर में हाथ डालकर बच्चे को बाहर खींचा। इस हादसे में बच्चे को कुछ मामूली चोटें आई हैं और उसके कपड़े पूरी तरह कीचड़ में सन गए।

कॉलोनी के लोगों ने इस घटना पर भारी रोष जताते हुए सीधे तौर पर नगर निगम को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में बीच रास्ते में मेनहोल का ढक्कन लंबे समय से खुला था।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इसके लिए कई बार अधिकारियों के चक्कर लगाए जा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कॉलोनी में कई और सीवर के ढक्कन भी खुले हैं, जो हादसों को न्योता दे रहे हैं।

चिंता की बात यह है कि सीवर के पास ही दशमपिता सीनियर सेकेंडरी स्कूल भी है। स्कूल के बच्चे अक्सर सामने बने पार्क में खेलने के लिए आते हैं, जिससे खतरा और भी बड़ा हो जाता है। कॉलोनी निवासी रवि कुमार ने बताया कि मुहल्ले में पाठ रखा गया था, जिसके लिए निगम कर्मचारी सफाई करने आए थे, लेकिन वे सीवरेज का ढक्कन वापस बंद करना भूल गए।

मामला सामने आने के बाद हलका विधायक दलजीत सिंह भोला गरेवाल ने कहा कि उन्हें अभी इस घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस पूरी घटना की जांच कराई जाएगी और अगर इसमें किसी निगम अधिकारी की गलती पाई गई, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Deadly negligence of the corporation in Punjab