
लुधियाना: लुधियाना सेंट्रल जेल से एक हवालाती के फरार होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जिस कैदी (राहुल) को जेल पुलिस और स्थानीय पुलिस पिछले एक हफ्ते से सीवरेज लाइनों और जेल परिसर में ड्रोन से ढूंढ रही थी, वह सबको चकमा देकर बिहार पहुंच गया। अब थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस हवालाती को बिहार से पकड़कर वापस ले आई है।
यह मामला एक सप्ताह पहले का है, जब शाम को बंदी के समय हवालाती राहुल गायब हो गया। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे ढूंढना शुरू किया। पुलिस को जेल के अंदर सीवरेज के ढक्कन खुले मिले, जिससे शक हुआ कि वह सीवरेज के रास्ते भाग गया है। पुलिस ने पूरा सीवरेज छान मारा, लेकिन वहां से भागने की संभावना न के बराबर लगी।
जेल सुपरिंटेंडेंट भी लगातार यह दावा करते रहे कि जेल की दीवार फांदकर बाहर जाना असंभव है।

दूसरी तरफ, पुलिस ने ड्रोन के जरिए भी आरोपी को जेल परिसर में ढूंढा, लेकिन जब वह नहीं मिला, तो पुलिस ने अंदर सर्च अभियान बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जेल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और उसे ट्रेस करना शुरू किया।
पुलिस को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली कि राहुल फरार होकर अपने गांव बिहार चला गया है। इस पर पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने दो टीमें बिहार भेजीं, जिन्होंने उसे वहां से पकड़ लिया।
हालांकि, थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस अभी आरोपी के पकड़े जाने के बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं बता रही है। जांच अधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि जेल के अंदर सर्च अभियान लगभग पूरा हो गया है और हवालाती शायद जेल से बाहर निकल गया था, जिसे पकड़ने के लिए टीमें छापेमारी कर रही थीं।
View this post on Instagram


case of a prisoner absconding from Punjab jail




