You are currently viewing पंजाब में दिवाली की आतिशबाजी से वूलन वेस्ट गोदाम में भीषण आग, अंधेरे में डूबी कॉलोनी, लोगों ने भागकर बचाई जान

पंजाब में दिवाली की आतिशबाजी से वूलन वेस्ट गोदाम में भीषण आग, अंधेरे में डूबी कॉलोनी, लोगों ने भागकर बचाई जान

लुधियाना: दिवाली की रात लुधियाना की स्टार सिटी कॉलोनी में उस वक्त दहशत फैल गई, जब आतिशबाजी की चिंगारी से वूलन वेस्ट (ऊन के कचरे) के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि लपटों ने बिजली की तारों को भी चपेट में ले लिया, जिससे पूरी कॉलोनी की बिजली गुल हो गई और लोगों को दिवाली की रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।

घटना देर रात की है, जब दिवाली की आतिशबाजी की एक चिंगारी खुले में पड़े वूलन वेस्ट पर जा गिरी। सूखी वेस्ट ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग की लपटें विकराल हो गईं। जब तक लपटें ऊंची उठने लगीं, तब तक मोहल्ले के लोगों को इसका पता चला। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया, लेकिन टीम को मौके पर पहुंचने में एक घंटे से ज्यादा का समय लग गया। तब तक गोदाम में रखी सारी वूलन वेस्ट जलकर खाक हो चुकी थी। एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को खाली करा लिया गया।

फायर ब्रिगेड इंचार्ज आतिश राय ने बताया कि आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और देर रात तक फायर ब्रिगेड के चार से पांच टेंडर आग बुझाने में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हो गई थी।

इलाके के लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि यह गोदाम अवैध रूप से चल रहा था। जिला प्रशासन ने रिहायशी इलाकों और ओपन प्लॉटों में वूलन वेस्ट स्टोर करने पर रोक लगाई हुई है। लोगों का कहना है कि गोदाम मालिक को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन वह फिर भी यहां वेस्ट स्टोर करता रहा। फायर कर्मियों ने भी माना कि ओपन में रखी वूलन वेस्ट किसी बारूद से कम नहीं है।

आग के कारण गोदाम के साथ लगते एक घर को भी नुकसान पहुंचा है। तपिश के कारण घर की दीवार में हल्की दरारें आ गई हैं। वहीं, आग से बिजली की मेन लाइन की तारें जल गईं, जिससे स्टार सिटी कॉलोनी में पूरी रात बिजली सप्लाई ठप रही। पावरकॉम के मुलाजिमों को सप्लाई बहाल करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में ओपन में बने वूलन वेस्ट गोदामों को बंद करवाया जाए और उनके मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Fireworks cause massive fire in woolen waste warehouse