
लुधियाना: उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक सफल अंतरराज्यीय ऑपरेशन में, अयोध्या से अगवा की गई 9 वर्षीय बच्ची को लुधियाना रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जो वहां से भागने की फिराक में था। यह पूरी कार्रवाई अपहरण के महज 18 घंटे के भीतर पूरी की गई।
मामले की जांच में सामने आया कि अयोध्या से अचानक लापता हुई बच्ची को एक युवक ने टॉफी दिलाने का झांसा दिया और अपने साथ ले गया। सूचना मिलते ही अयोध्या पुलिस ने तुरंत अलर्ट जारी करते हुए बच्ची की तलाश के लिए सीआईए-1 और स्थानीय थाने की कई संयुक्त टीमें गठित कर दीं।

पुलिस टीमों ने गांव और आसपास के इलाकों में लगे 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। इसी दौरान एक फुटेज में आरोपी बच्ची को ई-रिक्शा में बैठाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और टोल प्लाजा के कैमरों की भी जांच की। एक टोल प्लाजा की फुटेज में आरोपी बच्ची को ई-रिक्शा से उतारकर आगे ले जाता दिखा, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन का अहम सुराग मिला।
लगातार पीछा करते हुए यूपी पुलिस की टीम को शनिवार शाम को बड़ी सफलता मिली। टीम ने बच्ची को लुधियाना रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी, औरंगाबाद निवासी जोगिंद्र के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने मौके से ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने बच्ची को टॉफी का लालच देकर अगवा किया था। पुलिस आरोपी को आज (रविवार) अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि अपहरण के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके।
इस बीच, जीआरपी लुधियाना के एसएचओ पलविंदर सिंह ने कहा कि अक्सर दूसरे राज्यों की पुलिस अपराधियों को लोकेट करते हुए यहां पहुंचती है और स्टेशन पर उन्हें पकड़ लेती है। उन्होंने कहा, संभव है कि यूपी पुलिस ने बच्ची को बरामद कर लिया हो, लेकिन इस ऑपरेशन के बारे में थाना जीआरपी को कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई।
View this post on Instagram

50 CCTVs scanned 18 hours of chase




