You are currently viewing पंजाब में बड़ा हादसा: नैना देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप नहर में गिरी, 6 की दर्दनाक मौत; 4 अब भी लापता

पंजाब में बड़ा हादसा: नैना देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप नहर में गिरी, 6 की दर्दनाक मौत; 4 अब भी लापता

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो बच्चों और तीन महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना तब हुई जब माता नैना देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से खचाखच भरी एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी मलेरकोटला रोड पर स्थित जगेड़ा नहर के पुल से अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में 4 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पिकअप गाड़ी में कुल 29 लोग सवार थे, जो सभी हिमाचल से माता नैना देवी के दर्शन कर अपने गांव मानकवाल लौट रहे थे। गाड़ी में सवार घायलों ने बताया कि पिकअप क्षमता से कहीं ज्यादा ओवरलोड थी। जगेड़ा पुल पर एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान चालक गाड़ी पर से अपना संतुलन खो बैठा और गाड़ी सीधे रेलिंग तोड़कर नहर में जा गिरी।

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गांव मानकवाल निवासी जरनैल सिंह (52), कृष्णा कौर (60), मनजीत कौर (58), कमलजीत कौर (25), डेढ़ साल की सुखमन कौर और 8 वर्षीय आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। वहीं, केशर सिंह, अर्शदीप कौर, गुरप्रीत सिंह और महिंदर कौर नहर के तेज बहाव में लापता हो गए, जिनकी तलाश में गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही देर रात डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन, एसएसपी डॉ. ज्योति यादव और विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा मौके पर और अस्पताल पहुंचे। एसएसपी डॉ. ज्योति यादव ने बताया, “करीब पौने 10 बजे सूचना मिली थी। पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में पता चला है कि ओवरलोडिंग और गलत साइड से आने के कारण यह हादसा हुआ।”

डीसी हिमांशु जैन ने घायलों का हाल जाना और बताया कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता लापता लोगों को ढूंढना और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना है। डेहलों सिविल अस्पताल के एसएमओ ने बताया कि उनके पास लाए गए 13 लोगों में से 4 की मौत हो चुकी थी, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं। देर रात शुरू हुआ बचाव अभियान अभी भी जारी है और प्रशासन हर संभव मदद का आश्वासन दे रहा है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Major accident in Punjab