
जालंधर: महानगर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। मॉडल हाउस के पास स्थित न्यू उजाला नगर में बीती रात चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक ही रात में दो मकानों के ताले तोड़ दिए। एक घर से चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी ले उड़े, जबकि दूसरे घर में सो रहे परिवार के बीच ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इन घटनाओं से इलाके के निवासियों में दहशत का माहौल है।
सो रहे परिवार के घर में सेंधमारी
न्यू उजाला नगर के निवासी विजय कुमार ने बताया कि उनका पूरा परिवार घर में सो रहा था। रात करीब एक बजे उनका बेटा किसी फंक्शन में जाने के लिए बाहर से ताला लगाकर गया था। उन्होंने बताया कि जब सुबह सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि एक चोर ने लोहे की रॉड से ताला तोड़ा और घर में घुस गया। हैरानी की बात यह है कि चोर ने इतनी सफाई से चोरी की कि अंदर सो रहे परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। विजय कुमार ने आरोप लगाया कि इस संबंध में थाना-5 की पुलिस को फोन पर सूचित किया गया, लेकिन सूचना देने के तीन घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
सूने घर से 6 लाख का सोना और 60 हजार कैश चोरी
चोरों ने इसी इलाके में एक और घर को निशाना बनाया। पूजा नामक महिला ने बताया कि उनकी बहन मंजु बाला के घर पर चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि कल रात उनके जीजाजी की तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते परिवार उन्हें गुरु नानक मिशन अस्पताल ले गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया। घर सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने रात करीब 2:30 बजे वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर का पूरा सामान बिखेर दिया और अलमारी में रखे करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने और 60 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
इस मामले में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी की इन वारदातों ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
View this post on Instagram
Thieves raid this area of Jalandhar








