You are currently viewing 50 लाख खर्च कर डंकी रूट से अमेरिका भेजा था इकलौता बेटा… फूड स्टोर में लगी आग में जिंदा जल गया सुखविंदर सिंह

50 लाख खर्च कर डंकी रूट से अमेरिका भेजा था इकलौता बेटा… फूड स्टोर में लगी आग में जिंदा जल गया सुखविंदर सिंह

करनाल: बेहतर भविष्य के सपने आंखों में संजोए अमेरिका गए हरियाणा के एक युवक की मौत हो गई है। अमेरिका के टेक्सास शहर में स्थित एक फूड स्टोर में अचानक लगी भयंकर आग में यह युवक और उसका मालिक जिंदा जल गए। दिल दहला देने वाली यह घटना उस वक्त हुई, जब दोनों रात के समय उसी स्टोर के अंदर गहरी नींद में सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें संभलने या बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। इस हादसे में जान गंवाने वाला स्टोर का मालिक मूल रूप से पंजाब का रहने वाला बताया जा रहा है।

नींद में ही काल के गाल में समा गए दोनों

टेक्सास पुलिस ने इस दर्दनाक हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि उन्होंने पूरे स्टोर को पल भर में अपनी चपेट में ले लिया। जब तक दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया, तब तक सब कुछ खाक हो चुका था। अंदर सो रहे दोनों लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी थी और पूरा फूड स्टोर जलकर राख में तब्दील हो गया था। यह आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीमें घटनास्थल की गहन जांच कर रही हैं।

50 लाख रुपये खर्च कर गैरकानूनी रास्ते से भेजा था विदेश

इस हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय युवक की पहचान करनाल जिले के गांव गंगाटेहड़ी निवासी 22 वर्षीय सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। शीशपाल का बेटा सुखविंद्र अपने पूरे परिवार का इकलौता चिराग था। परिवार वालों ने उसके सुनहरे भविष्य की चाहत में 50 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम का इंतजाम किया था और उसे ‘डंकी रूट’ (अवैध तरीके) से अमेरिका भेजा था। अब इकलौते बेटे के इस तरह दूर देश में जिंदा जल जाने की खबर सुनकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

Spent 50 Lakhs to Send Only Son to the US via the ‘Donkey Route’… Sukhwinder Singh Burnt Alive