
लुधियाना: लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके से शुक्रवार दोपहर एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की अचानक लापता हो गई। लड़की के परिवार को एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें उनकी बेटी के अपहरण की बात कही गई। परिवार ने पुलिस को सूचना देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित लड़की के परिवार के अनुसार, ग्यासपुरा के गुरु तेग बहादुर नगर में रहने वाली किशोरी शुक्रवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच घर से बिना बताए चली गई। परिजनों ने उसे हर जगह तलाशा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान, उन्हें एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने लड़की के अपने पास होने की बात कहकर फोन काट दिया।
किशोरी के पिता अरुण कुमार और मां सुनीता देवी, जो मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं, ने बताया कि पिछले साल उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद उनकी बेटी रिया पाल अप्रैल में उनके साथ लुधियाना रहने आई थी। उन्होंने बताया कि बेटी के लापता होने के कुछ देर बाद उन्हें दो अलग-अलग अनजान मोबाइल नंबरों से फोन आए। कॉल करने वाले ने कहा कि उनकी बेटी उनके पास है और उन्होंने एक बार रिया की घबराई हुई आवाज भी सुनी, जिसके तुरंत बाद फोन कट गया। अब दोनों नंबर बंद आ रहे हैं। परिजनों को आशंका है कि उनकी बेटी का अपहरण कर लिया गया है और उन्होंने ग्यासपुरा पुलिस चौकी में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
मामले की जांच कर रहे अधिकारी दीपचंद ने बताया कि दोनों मोबाइल नंबरों को ट्रेसिंग पर लगा दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।
View this post on Instagram

15-year-old minor girl missing in Punjab




