
लुधियाना: शनिवार को लुधियाना के दुगरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने 200 फीट रोड पर एक प्रॉपर्टी डीलर की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। मृतक की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। कुलदीप शिअद नेता एवं पूर्व सांसद जगदेव सिंह तलवंडी के पीए रह चुके है।
जानकारी के अनुसार, यह हमला तब हुआ जब कुलदीप सिंह अपने फार्महाउस से घर लौट रहे थे। स्विफ्ट कार में सवार कुछ अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी को रोककर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुगरी थाना प्रभारी अवनीत कौर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
भगत सिंह नगर गांव के सरपंच संजय तिवारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आशंका जताई कि यह हत्या किसी प्रॉपर्टी विवाद के चलते हुई होगी, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
इस घटना से इलाके के लोगों में भय का माहौल है और व्यापारियों में गहरा रोष है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
इस बीच, लुधियाना पुलिस ने एक अन्य हत्याकांड को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि थाना डिवीजन नंबर 6 के अंतर्गत हुई हत्या के मामले में 36 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल हुई ई-रिक्शा और बाइक को भी बरामद कर लिया है।
View this post on Instagram
Property dealer brutally murdered




