
लुधियाना: लुधियाना उपचुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता भारत भूषण आशु को शिकस्त देने वाले आम आदमी पार्टी (आप) के नवनिर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा ने आज पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। चंडीगढ़ स्थित पंजाब विधानसभा में मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने उन्हें विधायक पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के दौरान संजीव अरोड़ा ने संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखने की प्रतिज्ञा की। उन्होंने कहा, “मैं संजीव अरोड़ा, जो पंजाब विधानसभा के लिए सदस्य चुना गया हूं, सच्चे दिल से प्रतिज्ञा करता हूं कि कानून द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगा। मैं भारत की संप्रभुता और अखंडता को बरकरार रखूंगा तथा जिस कर्तव्य को मैं संभालने वाला हूं, उसे वफादारी से निभाऊंगा।”
शपथ लेने के बाद अरोड़ा ने स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और समारोह में मौजूद अन्य वरिष्ठ नेताओं से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया।
इस शपथ ग्रहण के साथ ही संजीव अरोड़ा को पंजाब कैबिनेट में शामिल किए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि उपचुनाव प्रचार के दौरान ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सार्वजनिक मंच से यह घोषणा की थी कि यदि संजीव अरोड़ा यह चुनाव जीतते हैं तो उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री भगवंत मान कब अपनी कैबिनेट का विस्तार करते हैं और अरोड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाती है।
इन अटकलों को और बल तब मिला जब संजीव अरोड़ा शपथ समारोह से एक दिन पहले दिल्ली में अपने परिवार सहित पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने इस मुलाकात की तस्वीर अपने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर भी साझा की थी।
आपको बता दें कि लुधियाना में 19 जून को हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशु को 10,637 वोटों के बड़े अंतर से हराया था।
View this post on Instagram

AAP MLA Sanjeev Arora took oath




