
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनकी मौत का कारण दिल का दौरा बताया जा रहा है। ‘कांटा लगा’ गाने से सुर्खियों में आने वाली शेफाली जरीवाला को ‘बिग बॉस 13’ में भी देखा गया था। शुक्रवार देर रात शेफाली जरीवाला को अचानक सीने में दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें अंधेरी लोखंडवाला इलाके के बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने अपने बयान में कहा- शेफाली का शव अंधेरी स्थित उनके घर पर मिला था। पुलिस को शनिवार रात 1 बजे एक्ट्रेस के निधन की सूचना मिली थी। इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया गया था। उनकी मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
गुजरात के अहमदाबाद शहर में जन्मी शेफाली जरीवाला फिल्म जगत की एक मशहूर अभिनेत्री-डांसर थीं। शेफाली को साल 2002 में आए ‘कांटा लगा’ गाने के रीमिक्स वीडियो से प्रसिद्धि मिली और वह रातोंरात स्टार बन गईं। इस गाने की लोकप्रियता के बाद, उन्हें ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से भी जाना जाता था। शेफाली ने बिग बॉस 13 में एक प्रतियोगी के रूप में भाग लिया और लोगों ने उन्हें खूब पसंद भी किया। शेफाली की मौत की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर है। सेलेब्स और प्रशंसक सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, शेफाली को उनके पति और तीन अन्य लोग बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। तत्काल चिकित्सा सहायता के बावजूद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल की रिसेप्शनिस्ट ने शेफाली की मौत की पुष्टि की। यह भी बताया गया कि शेफाली को बाद में किसी अन्य अस्पताल (कूपर) ले जाया गया।
शेफाली के पति पराग त्यागी का अस्पताल से बाहर आने का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कार की अगली सीट पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अभिनेता के चेहरे पर अपनी पत्नी शेफाली जरीवाला को खोने का दुख साफ दिख रहा था। जब पैपराजी ने उन्हें कार के बाहर से कैद करने की कोशिश की, तो वह अपनी नम आंखों को अपने कांपते हाथों से छुपाते हुए दिखाई दिए।
शेफाली जरीवाला की मौत का असली कारण अभी तक सामने नहीं आया है। हालांकि, कई रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि अभिनेत्री की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। शेफाली की सिर्फ 42 साल की उम्र में अचानक मौत की खबर सुनकर मशहूर हस्तियां भी हैरान हैं। अली गोनी, मीका सिंह, राजीव अदातिया, काम्या पंजाबी जैसे सितारों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अभिनेत्री को श्रद्धांजलि दी है।
View this post on Instagram

‘Kaanta Laga’ fame Shefali Jariwala is no more








