You are currently viewing पंजाब में अवैध संबंध और धमकियों से परेशान शख्स ने की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव; आरोपी महिला की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी

पंजाब में अवैध संबंध और धमकियों से परेशान शख्स ने की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव; आरोपी महिला की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी

जगराओं: लुधियाना जिले के जगराओं के सिधवां बेट स्थित गांव अबूपुरा में एक व्यक्ति ने अपने घर में चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रूप सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी अमनदीप कौर ने बताया कि उनके पति के सिमरजीत कौर उर्फ सीमा नाम की एक महिला के साथ पिछले तीन साल से अवैध संबंध थे। इस बात का पता उन्हें अपने पति के मोबाइल की जांच करने पर चला। इसके बाद उनके पति ने सिमरजीत से बात करना बंद कर दिया था।

अमनदीप कौर ने बताया कि सिमरजीत ने रूप सिंह को धमकी दी थी कि अगर उन्होंने उससे बात नहीं की और उसे छोड़ने की कोशिश की, तो वह उन्हें मरवा देगी। साथ ही, उसने अपना खर्चा उठाने की भी मांग की थी। 31 मई की रात को सिमरजीत के फोन के बाद रूप सिंह काफी परेशान रहने लगे और आखिरकार उन्होंने छत के पंखे से चुन्नी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी।

चौकी गिद्दड़विडी के इंचार्ज सुखमंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। आरोपी सिमरजीत कौर के खिलाफ थाना सिधवां बेट में धारा 108 और 352 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

जांच अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आरोपी महिला फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक रूप सिंह जगराओं में गाड़ियों की रिपेयरिंग की एक दुकान पर काम करता था।

a man troubled by illegal relations and threats committed