
अमृतसर: पाकिस्तान के साथ लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान, जो अनजाने में पाकिस्तानी क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे, अब सुरक्षित रूप से भारत लौट आए हैं। पाकिस्तान रेंजर्स ने उन्हें हिरासत में ले लिया था, लेकिन अब उन्हें भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया है। बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार शॉ आज अटारी-वाघा बॉर्डर क्रॉसिंग पॉइंट के रास्ते वापस भारत लौटे हैं।
जानकारी के अनुसार, पूर्णम कुमार शॉ बीएसएफ की 182वीं बटालियन फिरोजपुर में तैनात हैं। यह घटना बीते 23 अप्रैल को हुई थी। पूर्णम उस समय ममदोट इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी फेंसिंग के गेट नंबर-208/1 के पास ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह आराम करने के लिए एक पेड़ के नीचे बैठ गए।
उसी वक्त, गश्त कर रहे पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन्हें देख लिया और सीमा पार करने के आरोप में हिरासत में ले लिया। पाकिस्तानी रेंजर्स ने उनके पास से उनका सरकारी हथियार भी छीन लिया था।
भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा सीजफायर और स्थापित प्रक्रियाओं के तहत, दोनों देशों की सीमा सुरक्षा बल ऐसे मामलों में मानवीय आधार पर कार्रवाई करते हैं। इसी प्रक्रिया के तहत, पाकिस्तान रेंजर्स ने आज पूर्णम कुमार शॉ को अटारी बॉर्डर पर बीएसएफ अधिकारियों को सौंप दिया, जिसके बाद उन्होंने राहत की सांस ली।
View this post on Instagram

BSF jawan Purnam Kumar Shaw, who reached Pakistan by mistake








