
लुधियाना: लुधियाना रेलवे स्टेशन पर अपनी मां के पास सो रहे एक साल के मासूम बच्चे के अपहरण की गुत्थी को राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने 72 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। GRP ने शुक्रवार देर रात ग्यासपुरा इलाके में छापेमारी कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने अनीता नामक एक महिला और उसके मुंहबोले भाई को गिरफ्तार किया है, जो वारदात के समय उसके साथ था।
GRP की शुरुआती जांच में एक भावुक लेकिन आपराधिक कहानी सामने आई है। आरोपी महिला अनीता ने बताया कि कुछ साल पहले उसके जुड़वां बच्चों की मौत हो गई थी। वह लंबे समय से बेटे के लिए तरस रही थी। जब उसने स्टेशन पर बच्चे को खेलते देखा, तो उसने उसे अपने साथ घर ले जाकर पालने का फैसला कर लिया। अनीता का पति मुंबई में काम करता है और वह यहां अपनी बेटी के साथ रहती है।

हालांकि, पुलिस अनीता की कहानी पर पूरी तरह यकीन नहीं कर रही है। अनीता ने बहाना बनाया कि वह अपने भाई को डॉक्टर को दिखाने के लिए मंगलवार रात को जालंधर जाने के लिए स्टेशन आई थी। पुलिस को उसकी यह दलील संदिग्ध लग रही है कि एक घंटे के सफर के लिए वह दिन के बजाय रात में स्टेशन क्यों आई और आधी रात को उसे किस डॉक्टर के पास जाना था। GRP को शक है कि महिला के तार बच्चा तस्करी करने वाले किसी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं और इस एंगल पर भी गहराई से जांच की जा रही है।
आपको बता दें कि यूपी के फतेहपुर जिले की रहने वाली ललती देवी मंगलवार (16 सितंबर) की रात अपने दो बेटों- संस्कार (4) और राज (1) के साथ लुधियाना पहुंची थीं। पति के नाइट शिफ्ट में होने के कारण वह स्टेशन पर ही बच्चों के साथ सो गईं। बुधवार (17 सितंबर) सुबह जब उनकी आंख खुली तो एक साल का राज गायब था।
शिकायत मिलते ही GRP ने सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। एक फुटेज में काले सूट पहनी एक महिला बच्चे को गोद में उठाकर स्टेशन से बाहर जाती दिखी, जिसके साथ एक आदमी भी था। पुलिस ने शहर के चौराहों और दुकानों की फुटेज की एक चेन बनाते हुए शुक्रवार देर रात आरोपियों के ठिकाने पर दबिश दी और बच्चे को बरामद कर लिया। मेडिकल जांच के बाद मासूम राज को उसकी मां को सौंप दिया गया है।
View this post on Instagram


1-year-old boy stolen from Ludhiana




