तरनतारन: तरनतारन जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां भिखीविंड थाने में पुलिस कस्टडी के दौरान हत्या की एक आरोपी युवती ने आत्महत्या कर ली है। कोर्ट में पेशी से ठीक पहले हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर न्यायिक जांच शुरू कर दी है, जबकि मृतका के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कोर्ट में पेशी से पहले बाथरूम में लगाई फांसी
पुलिस के अनुसार, मृतक युवती की पहचान राजबीर कौर के रूप में हुई है, जिसे अपने ही एक पड़ोसी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 10 अगस्त को उसे अदालत में पेश किया जाना था, लेकिन सुबह करीब 6 बजे उसने ड्यूटी पर तैनात लेडी कांस्टेबल से बाथरूम जाने की बात कही। महिला कांस्टेबल जब उसे बाथरूम लेकर गई, तो युवती ने अंदर जाकर अपनी ही चुन्नी का फंदा बनाया और फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि थाने में महिलाओं के लिए अलग से कोई हवालात नहीं है, जिसके चलते उसे एक बाहरी कमरे में लेडी कांस्टेबल की निगरानी में रखा गया था।
परिजनों ने लगाया झूठा फंसाने का आरोप, न्यायिक जांच के आदेश
इस घटना के बाद मृतका के परिजनों में भारी रोष है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि राजबीर कौर को इस मर्डर केस में गलत तरीके से फंसाया गया था। दूसरी तरफ, थाने के अंदर हुई इस मौत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की न्यायिक जांच (ज्यूडिशियल इंक्वायरी) शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा है कि कस्टडी के दौरान युवती को किसी भी तरह का टॉर्चर नहीं किया गया था। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जिस किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Young woman accused of murder commits suicide while in police custody in Punjab; hanged herself before court




