कनाडा: कनाडा की ब्रिटिश कोलंबिया सुप्रीम कोर्ट ने एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाले मामले में पंजाब के लुधियाना निवासी जगप्रीत सिंह को अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या का दोषी करार दिया है। अदालत ने 41 वर्षीय बलविंदर कौर को चाकुओं से गोदकर मारने के मामले में जगप्रीत को सेकेंड डिग्री मर्डर का दोषी माना है। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया था, क्योंकि आरोपी ने कनाडा में कदम रखने के महज कुछ ही दिनों के भीतर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
वारदात के बाद मां को वीडियो कॉल कर बोला- ‘काम हो गया’
अदालत में सामने आए तथ्यों के अनुसार, जगप्रीत सिंह साल 2024 में भारत से विजिटर वीजा पर कनाडा पहुंचा था। वहां पहुंचने के महज 6 दिन बाद ही उसने एबॉट्सफोर्ड स्थित एक बेसमेंट सुइट में अपनी पत्नी बलविंदर कौर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद जगप्रीत ने अपनी मां को वीडियो कॉल किया और बेहद ठंडे दिमाग से कहा कि ‘काम हो गया है’। इस खुलासे के बाद अपराध की गंभीरता और इसमें छिपी साजिश पूरी तरह बेनकाब हो गई।
हादसे और गुस्से की दलील खारिज, 19 अक्टूबर को तय होगी सजा
सुनवाई के दौरान आरोपी जगप्रीत सिंह ने खुद को बचाने के लिए इसे गलती से हुआ हादसा और अचानक उपजे गुस्से का परिणाम बताने की भरपूर कोशिश की थी, लेकिन कोर्ट ने उसकी इस दलील को सिरे से खारिज कर दिया। अदालत अब आगामी 19 अक्टूबर को जगप्रीत सिंह की साइकेट्रिक असेसमेंट रिपोर्ट की समीक्षा करेगी, जिसके बाद उसकी सजा का अंतिम ऐलान किया जाएगा। कानूनी विशेषज्ञों के मुताबिक, पत्नी की हत्या के इस संगीन मामले में दोषी जगप्रीत सिंह को उम्रकैद की सख्त सजा हो सकती है।


Within six days of arriving in Canada from Punjab, a man stabbed his wife to death








