You are currently viewing पंजाब में दरिया देखने गए दो सगे भाई तेज बहाव में बहे, विदेश जाने की चल रही थी तैयारी; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पंजाब में दरिया देखने गए दो सगे भाई तेज बहाव में बहे, विदेश जाने की चल रही थी तैयारी; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अमृतसर: पंजाब के बाबा बकाला इलाके में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दरिया देखने गए दो सगे भाई पानी के तेज बहाव में बह गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद से दोनों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लापता हुए भाइयों की पहचान 17 वर्षीय सुखराज सिंह और 18 वर्षीय प्रिंस राजा के रूप में हुई है। गोताखोरों और प्रशासन की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, जबकि बदहवास परिवार वाले नदी किनारे बैठकर अपने बच्चों के सुरक्षित लौटने की आस लगाए बैठे हैं।

नई कोठी की खुशियां अचानक मातम में बदलीं

जानकारी के मुताबिक, परिवार में कुछ दिन पहले ही नई कोठी का मुहूर्त हुआ था और घर में जश्न का माहौल था। इसके साथ ही बड़े बेटे के विदेश जाने की तैयारियां भी जोरों पर चल रही थीं, जिसके चलते कई रिश्तेदार घर पर आए हुए थे। रविवार की शाम सभी लोग खुशी-खुशी दरिया देखने के लिए गए थे। परिजनों ने बताया कि इसी दौरान एक भाई अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए जब उसने आवाज लगाई, तो दूसरा भाई बिना कुछ सोचे-समझे दरिया में कूद पड़ा। लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते दोनों भाई उसमें समा गए और लापता हो गए।

गोताखोरों का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी

हादसे की सूचना मिलते ही रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने भी अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन देर शाम अंधेरा घिर आने के कारण रेस्क्यू अभियान को रोकना पड़ा। अब अगली सुबह गोताखोरों ने एक बार फिर दोनों भाइयों की तलाश में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। लापता लड़कों के चाचा गज्जन सिंह ने नम आंखों से बताया कि दोनों भाइयों में से एक धार्मिक पाठ करता था, जबकि दूसरा दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का हाथ बंटाता था। फिलहाल पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर कोई दोनों भाइयों के जल्द और सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहा है।

Two brothers swept away by strong currents while visiting a river in Punjab