अमृतसर: अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर दौड़े।
मसीहा बनकर पहुंचे AAP विधायक कुलदीप धालीवाल
इसी दौरान वहां से गुजर रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल की नजर इस खौफनाक मंजर पर पड़ी। उन्होंने बिना एक पल गंवाए अपनी गाड़ी रुकवाई और दोनों गंभीर रूप से जख्मी युवकों को तुरंत अपनी जीप में बैठाकर फतेहगढ़ चूड़ियां के अस्पताल पहुंचाया। विधायक की इस तत्परता के चलते घायलों को तुरंत मेडिकल सहायता मिल सकी और समय रहते उनका इलाज शुरू हो पाया।
इलाज के दौरान एक युवक ने तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी
हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद एक नौजवान ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। दूसरे युवक का इलाज अभी जारी है और डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है। विधायक धालीवाल ने सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर इस दुखद घटना की जानकारी देते हुए मृतक युवक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “वाहेगुरु परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें।” फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के असल कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Tragic accident in Punjab, car blown to pieces in the blink of an eye




