You are currently viewing हिमाचल में भीषण हादसा, अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार; 4 लोगों की दर्दनाक मौत

हिमाचल में भीषण हादसा, अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार; 4 लोगों की दर्दनाक मौत

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार मध्य रात्रि चुराह उपमंडल के नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर एक ऑल्टो के10 कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।

नदी में गिरी कार, उड़ गए परखच्चे

जानकारी के अनुसार, एचपी44ए-0494 नंबर की यह कार सीधे बैरासियूल नदी में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए और वह कबाड़ में तब्दील हो गया। हादसे के झटके से कार में सवार लोगों के शव आसपास के इलाके में छिटक गए थे। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, वाहन में सवार सभी चारों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था।

शादी समारोह से लौट रहे थे सभी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शिरकत करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह काल का ग्रास बन गए। रात के अंधेरे में हादसे की भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और मदद का प्रयास करते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एसएचओ तीसा की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है और हादसे के मुख्य कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

Tragic accident in Himachal: Car loses control and plunges into a deep gorge; 4 people killed.