चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के कैंपस में माइक्रोबायोलॉजी विभाग की 28 वर्षीय पीएचडी (PhD) स्कॉलर ज्योति की करंट लगने से मौत हो गई। हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली ज्योति अगले महीने ही शादी के बंधन में बंधने वाली थीं, लेकिन उससे ठीक पहले इस जानलेवा हादसे ने पूरे परिवार और यूनिवर्सिटी कैंपस को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने वाइस चांसलर (VC) के घर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
हॉस्टल से विभाग जाते समय कच्चे रास्ते पर उतरा करंट
यूनिवर्सिटी प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह ज्योति गर्ल्स हॉस्टल-10 से निकलकर अपने माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर जा रही थीं। इसी दौरान जब वह गर्ल्स हॉस्टल-8 और यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UIET) को जोड़ने वाली सड़क के किनारे एक कच्चे रास्ते से गुजर रही थीं, तभी अचानक जमीन पर गिर पड़ीं। उन्हें गिरता देख आसपास के छात्र मदद के लिए दौड़े, तब जाकर पता चला कि रास्ते में करंट उतरा हुआ था। छात्रों ने यूनिवर्सिटी कर्मचारियों की मदद से ज्योति को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बारिश का पानी और शॉर्ट सर्किट बनी मौत की वजह
हादसे के बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों ने कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था और ड्रेनेज सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। छात्रों का कहना है कि नॉर्थ और साउथ कैंपस के बाहर अक्सर बारिश का पानी जमा हो जाता है और इसी इलाके में गर्ल्स हॉस्टल स्थित हैं। बताया जा रहा है कि पास के एक इलेक्ट्रिक पोल में शॉर्ट सर्किट होने के कारण वहां जमा पानी और गीली जमीन में करंट फैल गया था। जैसे ही ज्योति उस रास्ते से गुजरीं, वह इस जानलेवा करंट की चपेट में आ गईं। पुलिस और प्रशासन की शुरुआती जांच में भी मौत की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट और करंट लगना ही मानी जा रही है।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, कैंपस में भारी बवाल
इस दर्दनाक घटना की खबर जैसे ही रेवाड़ी स्थित ज्योति के परिवार को दी गई, वहां कोहराम मच गया। परिवार में अगले महीने होने वाली बेटी की शादी की खुशियां और तैयारियां पल भर में मातम में बदल गईं। वहीं, कैंपस में हुई इस गंभीर लापरवाही से आक्रोशित छात्रों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। गुस्साए छात्र वाइस चांसलर के आवास का गेट फांदकर अंदर घुस गए और जमकर नारेबाजी की। कैंपस में स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए प्रशासन ने भारी संख्या में चंडीगढ़ पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया है। फिलहाल पुलिस परिजनों के चंडीगढ़ पहुंचने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Tragic accident at Chandigarh’s Panjab University: PhD student dies after coming into contact








