You are currently viewing अमेरिका में हंसते-खेलते परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, ट्रैफिक सिग्नल पर कार रुकते ही 32 वर्षीय पंजाबी युवक के साथ अनहोनी; गांव में मातम

अमेरिका में हंसते-खेलते परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, ट्रैफिक सिग्नल पर कार रुकते ही 32 वर्षीय पंजाबी युवक के साथ अनहोनी; गांव में मातम

टांडा उड़मुड़: सुनहरे भविष्य के सपने लेकर सात समंदर पार अमेरिका गए एक पंजाबी युवक के परिवार के साथ ऐसी दर्दनाक घटना घटी है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। होशियारपुर के टांडा उड़मुड़ इलाके के गांव रड़ा से संबंध रखने वाले 32 वर्षीय कुलजीत सिंह की अमेरिका में अचानक मौत हो गई। एक हंसता-खेलता परिवार शाम के समय कार से कहीं जा रहा था, लेकिन रास्ते में एक ट्रैफिक सिग्नल पर ऐसा काल झपटा कि पत्नी और दो मासूम बच्चों के सामने ही परिवार का एकमात्र सहारा हमेशा के लिए छिन गया। इस खबर के बाद से पूरे इलाके और पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

13 साल से अमेरिका के क्लीवलैंड में रह रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक कुलजीत सिंह (32) पुत्र सुरिंदर सिंह मूल रूप से टांडा उड़मुड़ के गांव रड़ा का रहने वाला था। वह अपने बेहतर भविष्य के लिए करीब 13 साल पहले अमेरिका गया था और मौजूदा समय में अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ अमेरिका के क्लीवलैंड (ओहियो) में रह रहा था। वह वहां अपने परिवार के साथ बेहद खुशहाल जिंदगी बिता रहा था, लेकिन किसी को नहीं पता था कि नियति को कुछ और ही मंजूर है और एक पल में उनकी सारी खुशियां मातम में बदल जाएंगी।

सिग्नल पर कार रुकते ही आया ब्रेन हैमरेज का अटैक

मृतक के चाचा और समाजसेवी बलविंदर सिंह राणा ने इस दर्दनाक हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि अमेरिका के समयानुसार शाम के समय कुलजीत सिंह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कार में सवार होकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान जब उनकी कार एक ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी, तो कुलजीत को अचानक ब्रेन हैमरेज (दिमागी दौरा) हो गया और वह कार में ही बेसुध हो गया। हादसे के बाद घबराई पत्नी और आसपास के लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने कुलजीत की जान बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन अफसोस कि उन्हें बचाया नहीं जा सका।

पैतृक गांव में पसरा सन्नाटा, रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल

जैसे ही अमेरिका से कुलजीत सिंह की अचानक मौत की मनहूस खबर टांडा उड़मुड़ स्थित उसके पैतृक गांव रड़ा पहुंची, तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत से माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और जो भी इस हृदयविदारक घटना के बारे में सुन रहा है, उसकी आंखें नम हो रही हैं। गांव के लोग और रिश्तेदार पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।

Tragedy strikes a happy family in the US; a 32-year-old Punjabi man meets with a fatal mishap