You are currently viewing अब सड़कों पर खुद सफाई का जिम्मा संभालेंगे बड़े-बड़े अफसर, पंजाब में AAP सरकार का मिशन क्लीन लॉन्च

अब सड़कों पर खुद सफाई का जिम्मा संभालेंगे बड़े-बड़े अफसर, पंजाब में AAP सरकार का मिशन क्लीन लॉन्च

चंडीगढ़: पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने राज्य को चमकाने के लिए एक सख्त कदम उठाया है। सरकार ने राज्य में ‘मिशन क्लीन, पंजाब’ की शुरुआत की है। इस नए अभियान के तहत अब सिर्फ सफाई कर्मचारी ही नहीं, बल्कि सरकार के मंत्री और बड़े-बड़े सीनियर अधिकारी भी सुबह-सुबह सड़कों पर उतरकर खुद सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे।

राज्य के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस बड़े फैसले की जानकारी देते हुए साफ किया कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अफसरों के लिए ‘फील्ड’ पर उतरना अनिवार्य

मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि इस पूरे मिशन को कड़ाई से लागू करने के लिए हेड ऑफिस में एक हाईटेक ‘वॉर रूम’ तैयार किया गया है। सरकार के आदेश के मुताबिक, शहरों के सभी नगर निगम कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर, एडीसी (ADC) और एग्जीक्यूटिव ऑफिसर्स (EO) को रोजाना सुबह एक घंटे फील्ड पर मौजूद रहना होगा। अफसरों की इस मौजूदगी और काम की कड़े स्तर पर मॉनिटरिंग की जाएगी।

लापरवाही करने वाले शहरों की खैर नहीं

इस अभियान को और ज्यादा असरदार बनाने के लिए सरकार ने एक नया फॉर्मूला निकाला है। अब हर हफ्ते पंजाब के शहरों की एक रैंकिंग लिस्ट जारी की जाएगी। इस लिस्ट में देखा जाएगा कि कौन सा शहर सफाई के मामले में अव्वल रहा और कहां के अफसरों ने ढिलाई बरती। बेहतर प्रदर्शन करने वाले और पिछड़ने वाले शहरों के आधार पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

सोमवार सुबह अचानक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

इस मिशन को लेकर मंत्री हरजोत बैंस खुद कितने गंभीर हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने सोमवार सुबह अचानक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए राज्य के सभी निगम कमिश्नरों और नगर काउंसिलों के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर्स (EO) की हाजिरी चेक की। इस औचक चेकिंग से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है और अफसरों को साफ संदेश दे दिया गया है कि अब टेबल पर बैठकर नहीं, बल्कि जमीन पर उतरकर काम करना होगा।

Top officials will now personally take charge of street cleaning; AAP government launches ‘Mission Clean’ in Punjab