चंडीगढ़: शहर के मलोया इलाके में सोमवार तड़के चोरों ने एक ऐसी अजीबोगरीब वारदात को अंजाम दिया, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। साइकिल और बाइक पर सवार होकर आए दो शातिर चोरों ने घरों के बाहर लगे करीब 12 पानी के मीटर चुरा लिए। मीटर उखाड़े जाने के कारण पाइपों से लगातार पानी बहता रहा और जब सुबह लोगों की आंख खुली, तो नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
सीसीटीवी में कैद हुई करतूत, एक आरोपी को लोगों ने दबोचा
मीटर चोरी करने की यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे दो आरोपी इस चोरी को अंजाम दे रहे हैं। गनीमत यह रही कि चोरी के दौरान ही स्थानीय लोगों को इसकी भनक लग गई। लोगों ने तुरंत हरकत में आते हुए दोनों में से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी साइकिल पर बैठकर फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर नरेश मौके पर पहुंचे और लोगों ने पकड़े गए आरोपी को उनके हवाले कर दिया। पुलिस अब फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
नींद खुली तो गली में बह रहा था पानी, कई घरों के मीटर मिले गायब
मलोया गांव के रहने वाले प्रिंस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार सुबह जब वह सोकर उठे, तो देखा कि घर के बाहर पानी बह रहा है। उन्होंने बाहर जाकर जांच की तो पाया कि पानी का मीटर ही गायब है। घबराकर वह दूसरी गली में स्थित अपने दूसरे मकान पर गए, लेकिन वहां का मीटर भी चोरी हो चुका था। इसके बाद जब उन्होंने पड़ोसियों को जगाकर आसपास के घरों की जांच की, तो पता चला कि चोरों ने इलाके के कई मकानों को अपना निशाना बनाया है। मीटर उखाड़ कर ले जाने के कारण लाइनों से लगातार पानी बहता रहा, जिससे सुबह-सुबह पूरे मोहल्ले में पानी की भारी बर्बादी भी हुई।


Thieves strike in Chandigarh, making off with 12 water meters overnight




