You are currently viewing पंजाब में जज की सरकारी कोठी में चोरी, गनमैन को देखते ही दीवार फांदकर हुआ फरार

पंजाब में जज की सरकारी कोठी में चोरी, गनमैन को देखते ही दीवार फांदकर हुआ फरार

लुधियाना: लुधियाना स्थित सबसे सुरक्षित और वीआईपी माने जाने वाले सिविल लाइंस इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर उस वक्त गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब एक जज की सरकारी रिहाइश से चोरी का मामला सामने आया। यह वारदात क्लब रोड स्थित सरकारी कोठी नंबर 71 में हुई, जो ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMIC) जज मिस नवनीत कौर का सरकारी आवास है।

गनमैन को देखते ही दीवार फांदकर हुआ फरार

घटना 10 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे की है। जज की सुरक्षा में तैनात एएसआई (ASI) सरबजीत सिंह जब कोठी पर पहुंचे, तो उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति को घर के भीतर रखी पुरानी पानी की टोंटियां और लोहे का अन्य कीमती सामान समेटते हुए रंगे हाथ देख लिया। सुरक्षाकर्मी ने फौरन मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन शातिर चोर कोठी की ऊंची चारदीवारी फांदकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

मुस्तैद पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा, पंखा व सामान बरामद

वारदात के बाद गनमैन सरबजीत सिंह के बयानों के आधार पर थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी सुरागों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से कोठी से चुराया गया एक पंखा और अन्य सामान भी सकुशल बरामद कर लिया है।

शातिर चोर निकला आरोपी, पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे

मामले की तफ्तीश कर रहे जांच अधिकारी एएसआई गुरमेल लाल ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान लखन के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया है कि आरोपी एक पेशेवर और आदतन चोर है, जिसके खिलाफ पहले भी चोरी की वारदातों के कई पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इलाके में अन्य किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।

Theft at a judge’s official residence in Punjab; the thief scaled the wall and fled upon spotting the gunman