You are currently viewing आसमान में दिखेगा श्री गुरु रविदास महाराज जी का पावन जीवन और दर्शन, जालंधर में होंगे 6 भव्य ड्रोन शो

आसमान में दिखेगा श्री गुरु रविदास महाराज जी का पावन जीवन और दर्शन, जालंधर में होंगे 6 भव्य ड्रोन शो

जालंधर: श्री गुरु रविदास महाराज जी के ऐतिहासिक 650वें प्रकाश पर्व को अलौकिक और भव्य रूप से मनाने के लिए पंजाब सरकार जालंधर जिले में अत्याधुनिक ड्रोन शो की एक विशेष श्रृंखला आयोजित करने जा रही है। सितंबर माह के दौरान जिले के विभिन्न 6 प्रमुख स्थानों पर यह शो आयोजित किए जाएंगे। डीसी कार्यालय परिसर के मीटिंग हॉल में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत और पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं संत समाज के प्रमुख संतों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक की।

जालंधर के 6 प्रमुख कस्बों और क्षेत्रों में होंगे भव्य शो
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने बताया कि इन विशेष ड्रोन शो के जरिए श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, उनकी अमर बाणी, दर्शन और महान शिक्षाओं को आकाश में रोशनी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यह 6 ड्रोन शो जालंधर शहर (सिटी) के अलावा नकोदर, शाहकोट, फिल्लौर, आदमपुर और करतारपुर क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की संगत इन आयोजनों का हिस्सा बन सके।

डॉक्यूमेंट्री, कीर्तन दरबार और सेमिनारों के बाद अब ड्रोन शो का दौर
सरकार की ओर से प्रकाश पर्व को समर्पित कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि इससे पहले राज्यभर में पौधरोपण अभियान, भव्य कीर्तन दरबार, विचार गोष्ठियां, मैराथन और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के प्रदर्शन जैसे अनेक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। अब अगले चरण के तहत ड्रोन शो, साइक्लोथॉन और विशाल शोभा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।

2026 के अंत तक लगातार चलेंगे राज्यव्यापी कार्यक्रम
कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यह विशेष आयोजन साल 2026 के अंत तक निरंतर जारी रहेंगे। इन आयोजनों का मूल उद्देश्य गुरु साहिब के ‘बेगमपुरा’ की सोच, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

संत समाज ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन
इस समीक्षा बैठक में संत समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से शिरकत की। इनमें संत निर्मल दास जी जौड़े वाले, बहन संतोष जी और श्री खुरालगढ़ साहिब से संत सतविंदर हीरा जी प्रमुख रूप से शामिल रहे। संत महापुरुषों ने पंजाब सरकार द्वारा गुरु साहिब के प्रकाश पर्व को इस स्तर पर मनाने की ऐतिहासिक पहल की सराहना की और सभी आयोजनों को सफल बनाने के लिए संत समाज की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

The sacred life and philosophy of Shri Guru Ravidas Maharaj Ji will be displayed in the sky