You are currently viewing इस मशहूर पंजाबी सिंगर के खिलाफ सड़कों पर उतरा ईसाई समाज, पुलिस कमिश्नर से की सख्त कार्रवाई की मांग

इस मशहूर पंजाबी सिंगर के खिलाफ सड़कों पर उतरा ईसाई समाज, पुलिस कमिश्नर से की सख्त कार्रवाई की मांग

जालंधर: मशहूर पंजाबी सिंगर और गीतकार जानी अपने नए गाने ‘अप्सरा 2’ को लेकर एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। जालंधर में ईसाई समाज ने इस गाने के बोल पर भारी आपत्ति जताते हुए इसे चर्च का अपमान और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया है। इस मामले में समुदाय के नेताओं ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंपकर जानी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, साथ ही कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

गाने की इन लाइनों पर छिड़ा विवाद

ईसाई भाईचारे के नेताओं का कहना है कि विवाद की मुख्य वजह ‘अप्सरा 2’ गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ खास शब्द और लाइनें हैं। गाने में जानी ने गाया है- ‘लभदे लभदे चला गया मैं इक्क चर्च दे अंदर, चर्च दे अंदर जा के जगाइयां मोमबत्तियां… मोमबत्तियां दे धूएं चों दुआ दिखी मैनूं, चर्च दा दरवाजा खुल्लिया अप्सरा दिखी मैनूं।’ धार्मिक नेताओं ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि पवित्र चर्च और वहां होने वाली प्रार्थना की तुलना ‘अप्सरा’ से करना सीधे तौर पर उनके पवित्र धार्मिक स्थल की बेअदबी है।

पुलिस कमिश्नर दफ्तर में भारी विरोध और शिकायत दर्ज

गाने को लेकर रोष में आए ईसाई समुदाय के लोगों ने भारी संख्या में जालंधर के पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंचकर जानी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इस मामले को बेहद गंभीरता से लेने की अपील की है। ईसाई नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर सिंगर के खिलाफ जल्द ही कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में वे प्रशासन के खिलाफ एक बड़ा धरना-प्रदर्शन और आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।

‘अन्य कलाकारों के लिए सबक बने यह कार्रवाई’

शिकायतकर्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने का चलन लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जानी पर ऐसी सख्त कार्रवाई हो जो अन्य गायकों और गीतकारों के लिए एक कड़ा सबक बने, ताकि भविष्य में कोई भी कलाकार किसी भी जाति, धर्म या समुदाय की आस्था का इस तरह मजाक न उड़ा सके। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

The Christian community took to the streets against this famous Punjabi singer and demanded strict action