You are currently viewing चंडीगढ़ के रोज गार्डन के अंडरब्रिज में लटकती मिली व्यक्ति की लाश, सुसाइड नोट भी बरामद

चंडीगढ़ के रोज गार्डन के अंडरब्रिज में लटकती मिली व्यक्ति की लाश, सुसाइड नोट भी बरामद

चंडीगढ़: चंडीगढ़ सेक्टर-16 रोज गार्डन अंडरब्रिज में आज सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। यहां अंडर ब्रिज में एक शख्स लोहे की ग्रिल से रस्सी से लटक रहा था। राहगीरों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जीएमएसएच-16 भिजवाया। मृतक की पहचान सेक्टर-19 निवासी 42 वर्षीय जसबीर सिंह के रूप में हुई है। जसबीर सिंह मूल रूप से पंजाब के तरनतारन जिले के नाथू चक गांव के रहने वाले थे। मृतक के वाहन से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उनकी कार सड़क के किनारे खड़ी थी।

जानकारी के अनुसार घटना की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष में शुक्रवार सुबह 6.36 बजे दी गई। मुखबिर ने बताया कि सेक्टर-16 रोज गार्डन के अंडर ब्रिज के पास व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना के जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक धर्म सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस कर्मियों ने रस्सी खोलकर शव को नीचे उतारा। व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी थी। उसके गले पर रस्सी के गहरे निशान भी थे। इसके साथ ही जीएमएसएच-16 में डॉक्टर द्वारा व्यक्ति की मौत की पुष्टि होने के बाद शव को मोर्चरी में रख दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक जसबीर अपनी कार से रोज गार्डन आया था। उसने अपनी कार पार्क की और उसे खुला छोड़ दिया। कार के अंदर पुलिस को चाबियां, पंजाबी में लिखा एक सुसाइड नोट और कुछ कपड़े भी मिले। सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने घटना के बारे मृतक के परिवार को सूचित कर दिया है।