जालंधर: जालंधर के सबसे व्यस्त पठानकोट चौक फ्लाईओवर पर आज उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक साक्षात मौत बनकर हाईवे पर दौड़ पड़ा। नशे की हालत में चलाए जा रहे इस ट्रक ने पहले सवारियों से भरे एक ऑटो को रौंदा और फिर एक ट्रैक्टर-ट्राली को इतनी भयानक टक्कर मारी कि वह बीच से दो हिस्सों में टूटकर गैस सिलेंडरों से भरे कैंपर से जा टकराई। एक पल के लिए ऐसा लगा मानो पूरे फ्लाईओवर पर आग का गोला फूट पड़ेगा, लेकिन ईश्वर की असीम कृपा से सिलेंडरों में ब्लास्ट नहीं हुआ और शहर एक ऐसे भीषण महाविनाश से बाल-बाल बच गया, जिसकी कल्पना से ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
फ्लाईओवर से नीचे गिरने से बची ट्राली, टला सिलेंडरों का बड़ा ब्लास्ट
हादसे में सबसे बड़ी गनीमत यह रही कि सिलेंडरों से भरे कैंपर से जोरदार टक्कर होने के बावजूद कोई सिलेंडर ब्लास्ट नहीं हुआ, वरना एक बेहद भयानक महाविनाश हो सकता था और कई जिंदगियां खाक हो सकती थीं। ट्रैक्टर-ट्राली के मालिक बलजीत सिंह ने बताया कि उनका ड्राइवर मनी वाहन चला रहा था। तभी नशे में धुत बताए जा रहे ट्रक चालक ने पहले ऑटो को अपनी चपेट में लिया और फिर उनकी खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली को इतनी जोर से टक्कर मारी कि ट्राली दो हिस्सों में बंट गई। इस दौरान ट्राली फ्लाईओवर पर बने एक पिलर से जा टकराई, जिससे वह पुल से नीचे गिरने से बच गई। अगर ट्राली फ्लाईओवर से नीचे गिरती तो एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो सकता था।
क्रेन की मदद से हटाया गया मलबा, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और 3 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी ने बताया कि पुल के ऊपर भीषण हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने रास्ते से गुजर रही एक क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इस भयानक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए दो व्यक्तियों को एंबुलेंस की मदद से तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका सघन उपचार चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाकर यातायात को पूरी तरह से सुचारू कर दिया है और आरोपी चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Speeding truck wreaks havoc in Jalandhar, mowing down multiple vehicles one after another








