You are currently viewing पंजाब DGP की रिश्तेदार का बेटा निकला लॉरेंस गैंग का शूटर, कारोबारियों से मांगी 5-5 करोड़ रुपए की रंगदारी; 4 गिरफ्तार

पंजाब DGP की रिश्तेदार का बेटा निकला लॉरेंस गैंग का शूटर, कारोबारियों से मांगी 5-5 करोड़ रुपए की रंगदारी; 4 गिरफ्तार

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के चर्चित कारोबारी चीनी कुबाहेड़ी हत्याकांड के बाद अब पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियों के होश उड़ाने वाला एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पंजाब के स्पेशल डीजीपी रैंक के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की भाभी अमरीन राय का बेटा आकाशदीप सिंह कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर मॉड्यूल में गिरफ्तार किया गया है। मोहाली पुलिस ने लॉरेंस सिंडिकेट के इस खतरनाक एक्सटॉर्शन और शूटर मॉड्यूल के चार गुर्गों को हथियारों के जखीरे के साथ दबोच लिया है। यह गिरोह मोहाली के बड़े कारोबारियों से पांच-पांच करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी वसूलने के लिए उनके घरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला रहा था।

5 पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद, कोठियों पर बरसाते थे गोलियां
एसएसपी वरुण शर्मा के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ और ऑपरेशन सेल की संयुक्त टीमों ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। पकड़े गए आरोपियों में चंडीगढ़ सेक्टर-35ए निवासी आकाशदीप सिंह, बठिंडा का प्रवीण कुमार उर्फ काली, खरड़ का जसमनदीप सिंह और यमुनानगर (हरियाणा) का दुशंत शर्मा उर्फ शम्मी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से पांच अवैध पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि जसमनदीप कारोबारियों की कोठियों की रेकी करता था, जबकि दुशंत हथियारों को छिपाने और सप्लाई करने का जिम्मा संभालता था। वहीं, आकाशदीप सिंह और प्रवीण कुमार खुद मौके पर जाकर कोठियों पर अंधाधुंध फायरिंग करते थे। इनका एक साथी सिमरदीप सिंह उर्फ जश्न अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

बुड़ैल जेल की सलाखों के पीछे से चल रहा था नेटवर्क
इस पूरे आपराधिक नेटवर्क की सबसे चौंकाने वाली कड़ी चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल से जुड़ी है। पुलिस जांच में पर्दाफाश हुआ है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात गुर्गा रविंदर सिंह उर्फ काली (निवासी बलौंगी) जेल के अंदर बंद होने के बावजूद फोन और अन्य माध्यमों से इस गिरोह का संचालन कर रहा था। काली पहले पटियाला जेल में बंद था और कुछ महीनों से बुड़ैल जेल में है। जेल की चारदीवारी से ही वह शूटरों को टारगेट की डिटेल और निर्देश दे रहा था। मोहाली पुलिस अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर कड़ाई से पूछताछ करने की तैयारी में है ताकि जेल से चल रहे इस नेक्सस को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

विदेशी हैंडलर कुलवीर सिद्धू और चीनी मर्डर केस से जुड़े तार
पुलिस पूछताछ में इस मॉड्यूल के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर कुलवीर सिंह सिद्धू से भी जुड़े पाए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी लगातार सिद्धू के सीधे संपर्क में थे, जिसका नाम पहले भी कई संगीन आपराधिक वारदातों में सामने आ चुका है। इसके साथ ही, आकाशदीप की गिरफ्तारी के बाद चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में हुए चीनी कुबाहेड़ी मर्डर केस और मोहाली के इस रंगदारी नेटवर्क के बीच भी गहरे आपराधिक संबंध होने का संदेह गहरा गया है। पुलिस दोनों घटनाओं के कड़ियों को जोड़ने में जुटी है कि क्या इस गिरोह की भूमिका उस हत्याकांड में भी सीधे तौर पर शामिल थी।

Son of Punjab DGP’s relative turns out to be a Lawrence gang shooter; demanded ₹5 crore extortion